पलवल के होडल स्थित जैन धर्मशाला में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। CIA स्टाफ होडल ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है और चोरी का सामान बरामद करने के लिए पुलिस रिमांड की तैयारी की जा रही है।

होडल | (SHOYAB) 16 जुलाई पलवल जिले के होडल स्थित जैन धर्मशाला में हुई चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए CIA स्टाफ होडल ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जिला पुलिस ने दावा किया है कि दोनों आरोपियों से पूछताछ के आधार पर चोरी का शत-प्रतिशत सामान बरामद करने और मामले से जुड़े अन्य खुलासे की कार्रवाई जारी है।
पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल के मार्गदर्शन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत CIA स्टाफ होडल की टीम ने यह सफलता हासिल की। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सागर निवासी कुंडा कॉलोनी, होडल और निरंजन उर्फ नितिन निवासी वार्ड नंबर-14, होडल के रूप में हुई है।
7 जुलाई को दर्ज हुआ था मामला
CIA स्टाफ होडल प्रभारी पी/एसआई अमित कुमार के अनुसार, 7 जुलाई 2026 को शिकायतकर्ता डॉ. राजेश जैन निवासी ताली मंडी, होडल ने थाना होडल में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 6 जुलाई की रात अज्ञात चोर जैन धर्मशाला में घुस गए और इन्वर्टर की बैटरी खोलकर छत पर छोड़ दी। इसके बाद चोर वहां से तांबे की दो तामड़ी (बर्तन) सहित अन्य सामान चोरी कर ले गए, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 40 हजार रुपये बताई गई।
शिकायत के आधार पर थाना होडल में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मुखबिर की सूचना पर दबिश, दो आरोपी गिरफ्तार
जांच के दौरान CIA स्टाफ के प्रधान सिपाही दिनेश कुमार को मुखबिर से मिली सूचना और जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने 15 जुलाई 2026 को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस रिमांड पर लेकर होगी पूछताछ
पुलिस के अनुसार, आरोपियों से चोरी का पूरा सामान बरामद करने और यह पता लगाने के लिए कि वे अन्य चोरी की घटनाओं में भी शामिल रहे हैं या नहीं, उन्हें अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लेने की प्रक्रिया की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान कई अन्य मामलों में भी अहम खुलासे होने की संभावना है।
