पलवल STF यूनिट ने ₹5,000 के इनामी आरोपी तुषार को बल्लभगढ़ से गिरफ्तार किया। आरोपी कई गंभीर मामलों में वांछित था और लंबे समय से फरार चल रहा था।
Palwal (Sanjeev Rathor) | हरियाणा पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) यूनिट पलवल ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए ₹5,000 के इनामी आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान तुषार पुत्र गजराज निवासी गांव फुलवाड़ी, थाना सदर पलवल के रूप में हुई है, जो लंबे समय से फरार चल रहा था।
पुलिस जानकारी के अनुसार आरोपी तुषार के खिलाफ थाना कैंप पलवल में दर्ज मुकदमा नंबर 825 दिनांक 16 दिसंबर 2025 में विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज है। आरोपी इस मामले में वांछित था और लगातार गिरफ्तारी से बच रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस महानिरीक्षक दक्षिण मंडल, रेवाड़ी द्वारा ₹5,000 का इनाम घोषित किया गया था। STF टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को 1 अगस्त 2026 को तिगांव रोड, बल्लभगढ़ (जिला फरीदाबाद) से काबू किया। हालांकि आरोपी के कब्जे से कोई बरामदगी नहीं हुई है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी तुषार पर पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। वर्ष 2023 में थाना कैंप पलवल में हत्या के प्रयास, लूट और अन्य धाराओं में मामला दर्ज हुआ था, जबकि वर्ष 2026 में थाना छांयसा, फरीदाबाद में भी उसके खिलाफ केस दर्ज है।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को आगामी कानूनी कार्रवाई के लिए CIA स्टाफ पलवल के हवाले कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से पूछताछ के बाद और भी खुलासे होने की संभावना है। इस कार्रवाई को STF यूनिट पलवल की बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।

