Oplus_16908288
फरीदाबाद पुलिस ने कांवड़ यात्रा 2026 को लेकर व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर 2000 पुलिसकर्मियों की तैनाती, ट्रैफिक प्रबंधन और सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देश जारी किए।
फरीदाबाद (SHOYAB): आगामी कांवड़ यात्रा 2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए फरीदाबाद पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई है। पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता ने सेक्टर-21सी स्थित पुलिस आयुक्त कार्यालय में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक कर सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और आपातकालीन व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए। बैठक में पुलिस आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होगी और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यात्रा के दौरान जिलेभर में करीब 2000 पुलिस अधिकारी और कर्मचारी सुरक्षा, कानून व्यवस्था और ट्रैफिक प्रबंधन की जिम्मेदारी संभालेंगे।
पुलिस प्रशासन ने डीसीपी ट्रैफिक जयवीर सिंह को कांवड़ यात्रा का नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। वहीं डीसीपी सेंट्रल, डीसीपी बल्लभगढ़ और डीसीपी एनआईटी अपने-अपने क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था और यातायात संचालन की निगरानी करेंगे। समीक्षा बैठक में कांवड़ यात्रा के तीन प्रमुख मार्गों—आगरा कैनाल मार्ग, बदरपुर बॉर्डर से बाईपास मार्ग और बदरपुर बॉर्डर से राष्ट्रीय राजमार्ग—की सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष चर्चा की गई। इन मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल, नियमित गश्त, नाकाबंदी और ट्रैफिक व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रा मार्ग पर फायर ब्रिगेड, एंबुलेंस और क्रेन की उपलब्धता हर समय सुनिश्चित रहे। साथ ही सोशल मीडिया पर अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं पर नजर रखने के लिए मॉनिटरिंग सेल को सक्रिय रखने के निर्देश भी दिए गए हैं। कांवड़ शिविरों की सुरक्षा को लेकर भी विशेष निर्देश जारी किए गए हैं। सभी थाना प्रभारियों को शिविर संचालकों के साथ लगातार समन्वय बनाए रखने, शिविरों में सीसीटीवी कैमरे लगाने और मुख्य सड़क से सुरक्षित दूरी पर शिविर स्थापित कराने के लिए कहा गया है। इसके अलावा यात्रा मार्ग पर अतिक्रमण हटाने, बिजली के नीचे लटके तारों को दुरुस्त कराने, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग और आवश्यक डायवर्जन सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता ने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे अपने और अपने वाहनों का विवरण संबंधित थाना पुलिस को उपलब्ध कराएं, पहचान पत्र साथ रखें और फरीदाबाद पुलिस द्वारा जारी ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करें। उन्होंने यह भी कहा कि डाक कांवड़, झांकियों और वाहनों की ऊंचाई निर्धारित सीमा से अधिक न रखी जाए ताकि यात्रा सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

