हरियाणा सरकार ने पलवल के मंडकोला प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में अपग्रेड करने की मंजूरी दे दी है। स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने बताया कि इससे हजारों ग्रामीणों को विशेषज्ञ डॉक्टर, 24×7 इमरजेंसी और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी।
पलवल (SHOYAB): हरियाणा सरकार ने ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण फैसला लेते हुए पलवल जिले के मंडकोला प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में अपग्रेड करने की प्रशासनिक मंजूरी दे दी है। इस फैसले से मंडकोला सहित आसपास के दर्जनों गांवों के हजारों लोगों को बेहतर और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलेगा। राज्य की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने चालू वित्तीय वर्ष के बजट में मंडकोला PHC को CHC में अपग्रेड करने की घोषणा की थी। अब सरकार ने इस घोषणा को मंजूरी देकर अमल में लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बजट में किए गए हर जनहितकारी वादे को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनने के बाद मंडकोला में चिकित्सा सेवाओं का दायरा काफी बढ़ जाएगा। यहां अब सामान्य उपचार के साथ-साथ प्रसूति एवं स्त्री रोग, बाल रोग, सामान्य सर्जरी और अन्य आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके अलावा 24 घंटे आपातकालीन चिकित्सा सुविधा, मरीजों के लिए अधिक बेड, आधुनिक लैब जांच, एक्स-रे और अन्य डायग्नोस्टिक सेवाएं भी एक ही परिसर में उपलब्ध होंगी। अब तक गंभीर या विशेषज्ञ इलाज के लिए मंडकोला और आसपास के ग्रामीणों को पलवल जिला अस्पताल या दूसरे शहरों का रुख करना पड़ता था। CHC बनने के बाद स्थानीय स्तर पर ही बेहतर इलाज मिलने से मरीजों का समय और खर्च दोनों कम होंगे। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि इससे ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच और गुणवत्ता दोनों में सुधार होगा।
सरकार के इस फैसले का क्षेत्र के लोगों ने स्वागत किया है। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से मंडकोला में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की मांग की जा रही थी और अब CHC बनने से हजारों परिवारों को सीधा लाभ मिलेगा। लोगों ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव का आभार भी व्यक्त किया।

