हरियाणा के कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर जींद-गोहाना-सोनीपत से दिल्ली तक हाइड्रोजन ट्रेन चलाने की मांग रखी।
नई दिल्ली (SHOYAB)11 अगस्त 2026। हरियाणा के सहकारिता, कारागार, निर्वाचन एवं विरासत तथा पर्यटन विभाग के कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने मंगलवार को नई दिल्ली में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की। बैठक में गोहाना सहित हरियाणा से जुड़ी विभिन्न रेल परियोजनाओं और यात्रियों से संबंधित सुविधाओं को लेकर चर्चा हुई। मुलाकात के दौरान डॉ. अरविंद शर्मा ने जींद-गोहाना-सोनीपत से आगे दिल्ली तक हाइड्रोजन ट्रेन के परिचालन की मांग केंद्रीय रेल मंत्री के समक्ष रखी। उन्होंने कहा कि इस रेल सेवा को दिल्ली तक विस्तार मिलने से जींद, गोहाना, सोनीपत और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को आधुनिक रेल सुविधा का लाभ मिल सकेगा।
रेल परियोजनाओं और सुविधाओं पर हुई चर्चा
अरविंद शर्मा ने केंद्रीय रेल मंत्री के साथ हरियाणा से जुड़ी रेल परियोजनाओं और रेलवे सुविधाओं के विस्तार को लेकर भी बातचीत की। उन्होंने प्रदेश के लोगों की जरूरतों के अनुरूप रेल कनेक्टिविटी को और बेहतर बनाने पर जोर दिया। मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में रेलवे के आधुनिकीकरण और विस्तार पर लगातार काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के नेतृत्व में रेलवे क्षेत्र में नई तकनीक और आधुनिक सुविधाओं को बढ़ावा दिया जा रहा है।
दिल्ली तक कनेक्टिविटी बढ़ने से मिलेगा फायदा
डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि जींद, गोहाना और सोनीपत को दिल्ली से जोड़ने वाली आधुनिक रेल सेवा क्षेत्र के लोगों के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकती है। इससे यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलने के साथ क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को भी गति मिलने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि रेलवे देश और प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है और आने वाले समय में आधुनिक रेल परियोजनाएं विकास की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान देंगी

