पलवल में UGC के 2026 के नियमों के विरोध में स्वर्ण समाज ने प्रदर्शन किया। नाज सिनेमा हॉल चौक पर पुतला दहन कर नियम वापस लेने की मांग उठाई।
पलवल (SHOYAB) 20 OCT 26| दशहरा पर्व के दिन पलवल में UGC के नियमों को लेकर विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। स्वर्ण समाज पलवल के तत्वावधान में प्रदर्शनकारियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर के पुतले दहन कर अपना विरोध जताया। प्रदर्शनकारियों ने संबंधित नियमों को वापस लेने की मांग करते हुए सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन का नेतृत्व एडवोकेट ललित मित्तल ने किया। आयोजकों के अनुसार, पहले दोपहर एक बजे पलवल बस स्टैंड पर प्रदर्शन करने की योजना थी, लेकिन वहां पुलिस प्रशासन की सख्ती के चलते प्रदर्शनकारियों ने अपना स्थान बदल दिया। इसके बाद नाज सिनेमा हॉल चौक पर एकत्र होकर पुतला दहन किया गया।
आयोजकों ने दावा किया कि डॉ. पवन कौशिक को हाउस अरेस्ट किया गया और उन्हें कई घंटों तक डीएसपी कार्यालय में बैठाकर रखा गया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि बस स्टैंड पर पुलिस की मौजूदगी और सख्ती के बावजूद बड़ी संख्या में लोग विरोध दर्ज कराने पहुंचे। हालांकि, हाउस अरेस्ट और पुलिस कार्रवाई को लेकर पुलिस प्रशासन का पक्ष इस खबर के लिए स्वतंत्र रूप से उपलब्ध नहीं हो पाया है। प्रदर्शन में एडवोकेट ललित मित्तल, अतुल पाराशर, ओमी पंडित, एडवोकेट राजेश, नीरज भारद्वाज और सतवीर ठाकुर सहित स्वर्ण समाज के अनेक लोग और सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों ने UGC के संबंधित नियमों पर आपत्ति जताते हुए इन्हें वापस लेने की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने उनकी मांग पर जल्द निर्णय नहीं लिया, तो आंदोलन को देशव्यापी स्तर पर तेज किया जाएगा। उनका कहना था कि जरूरत पड़ने पर स्वर्ण समाज देशभर में सड़कों पर उतरकर विरोध करेगा और पलवल में भी आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा।

