पलवल पुलिस ने AVT स्टाफ हथीन की कार्रवाई में मुठभेड़ के बाद अंतरराज्यीय गिरोह के 4 बदमाशों को गिरफ्तार किया। आरोपियों से अवैध हथियार, कारतूस और यूपी नंबर की कार बरामद हुई।
पलवल (संजीव राठौर) 30 मई 2026 | पलवल पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल के निर्देशन में AVT स्टाफ हथीन ने मुठभेड़ के बाद अंतरराज्यीय गिरोह के चार शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में अवैध हथियार, कारतूस और एक बलेनो कार बरामद की गई है।
डीएसपी हेडक्वार्टर साहिल ढिल्लों ने प्रेस वार्ता में जानकारी देते हुए बताया कि 29 मई की शाम को AVT स्टाफ को गुप्त सूचना मिली थी कि उत्तर प्रदेश के इटावा से हथियारबंद बदमाश बलेनो कार में सवार होकर पलवल आ रहे हैं और किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने KMP मार्ग के पास नाकाबंदी की। संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान एक सिपाही के पैर में गोली लगी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए बदमाशों का पीछा किया।
मरोली रोड पर बदमाशों की कार का टायर फटने के बाद उन्होंने फिर पुलिस पर ताबड़तोड़ फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि एक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस ने घायल सहित कुल चार बदमाशों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी:
- अकरम पुत्र यूनुस
- कृष्ण पुत्र राजेश कुमार
- आलोक परिहार पुत्र बर्जपाल
- माधव गुप्ता (घायल)
फरार आरोपी: विपुल द्विवेदी
बरामदगी:
- 12 बोर राइफलनुमा पोना
- 315 बोर कट्टा
- देसी पिस्टल
- 11 जिंदा कारतूस व 12 खाली खोल
- बलेनो कार (UP-75AR-2264)
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी पलवल में हत्या, लूट या डकैती जैसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे थे, जिसे पुलिस ने समय रहते विफल कर दिया।
घायल सिपाही और आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। थाना मुंडकटी में आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।
पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी माधव गुप्ता के खिलाफ उत्तर प्रदेश और हरियाणा में करीब 25 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि अन्य आरोपियों का भी आपराधिक रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है। वही SP पलवल का कहना है अपराधियों के खिलाफ पूरी तरह सख्त है। जिले में अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है। किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।
