पंचकूला के रामगढ़ में 31 मई को DRDO हाई कैलिबर बम ट्रायल करेगा। प्रशासन ने 1.5 किमी क्षेत्र के गांवों को अलर्ट किया, लोगों को 10:30 से 12:30 तक घर में रहने की सलाह।
पंचकूला ( संजीव राठौर) 30 मई 2026 |
पंचकूला जिले के रामगढ़ क्षेत्र में 31 मई को रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO) द्वारा हाई कैलिबर बम का ट्रायल किया जाएगा। इसको लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनज़र आसपास के क्षेत्रों में अलर्ट जारी कर दिया है।
प्रशासन के अनुसार, ट्रायल के दौरान रामगढ़ के आसपास करीब 1.5 किलोमीटर के दायरे में आने वाले गांवों को विशेष सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। इस दौरान सुबह 10:30 बजे से लेकर दोपहर 12:30 बजे तक लोगों को अपने घरों के अंदर ही रहने की अपील की गई है।
अधिकारियों ने बताया कि यह एक नियमित परीक्षण प्रक्रिया का हिस्सा है, लेकिन किसी भी तरह के जोखिम से बचने के लिए सभी जरूरी सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। लोगों से कहा गया है कि वे तय समय के दौरान बाहर निकलने से बचें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि फिलहाल इस ट्रायल को लेकर किसी भी प्रकार की मीडिया कवरेज नहीं होगी। संबंधित विभाग द्वारा समय-समय पर आधिकारिक अपडेट साझा किए जाएंगे।
प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें, शांति बनाए रखें और सुरक्षा निर्देशों का पूरी तरह पालन करें।

