पलवल पुलिस की बड़ी सफलता मुठभेड़ के बाद 30 किलो चांदी लूट का मुख्य आरोपी मुस्तकीम गिरफ्तार। 5 दिन में तीसरी बड़ी कार्रवाई, अवैध हथियार बरामद।
पलवल (सिद्धार्थ शर्मा) 31 may 2026 |
पलवल पुलिस ने एक बार फिर बड़ी सफलता हासिल करते हुए महज चार दिनों के अंदर बैक टू बैक तीसरी बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल के कुशल निर्देशन में क्राइम ब्रांच (CIA) पलवल टीम ने मुठभेड़ के बाद चांदी लूट कांड के मुख्य आरोपी मुस्तकीम को अवैध हथियार सहित गिरफ्तार कर लिया है।
डीएसपी क्राइम अनिल कुमार ने प्रेस वार्ता में जानकारी देते हुए बताया कि हरियाणा पुलिस द्वारा संगीन अपराधों में वांछित आरोपियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत यह बड़ी सफलता मिली है।
30 किलो चांदी लूट मामले का मुख्य आरोपी गिरफ्तार
गौरतलब है कि 11 मार्च को दिल्ली-बड़ौदरा एक्सप्रेस-वे पर एक व्यापारी से करीब 30 किलो चांदी और 8 लाख रुपये की लूट हुई थी। इस मामले में पहले ही पुलिस 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है और करीब 20 किलो चांदी, 70 हजार रुपये, वारदात में इस्तेमाल हथियार और वाहन बरामद किए जा चुके हैं। अब इस गिरोह के मुख्य आरोपी मुस्तकीम (निवासी कोसीकला, यूपी) को मुठभेड़ के बाद दबोच लिया गया है |

मुठभेड़ का पूरा घटनाक्रम
31 मई को CIA स्टाफ पलवल की टीम ASI लक्ष्मण सिंह के नेतृत्व में पृथला-दूधौला रोड पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी पृथला-छपरौला रोड पर झाड़ियों के पास अवैध हथियार के साथ मौजूद है और किसी वारदात की फिराक में है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखते ही आरोपी भागने लगा और उसने ASI लक्ष्मण सिंह पर जानलेवा फायर कर दिया। गोली उनके कान के पास से गुजर गई। बार-बार चेतावनी देने के बावजूद आरोपी ने दोबारा फायरिंग की, जिसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में नियंत्रित फायर किया, जो आरोपी के पैर में लगा और वह मौके पर गिर गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध देशी कट्टा (.315 बोर), एक जिंदा कारतूस, दो खाली खोखे मिले । आरोपी के खिलाफ थाना गदपुरी में पुलिस पर जानलेवा हमला, सरकारी कार्य में बाधा, अवैध हथियार रखने के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।आरोपी मुस्तकीम के खिलाफ पहले से ही 5 संगीन मामले दर्ज हैं।
पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल ने साफ कहा कि पलवल जिले में अपराध और गुंडागर्दी के लिए कोई जगह नहीं है। पुलिस पर हमला करने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। अपराधी या तो अपराध छोड़ दें या कानून का सामना करें।

