फरीदाबाद ( Faridabad) के मोहना गांव में किसानों की पंचायत में बड़ा फैसला, भूमि विवाद सुलझने तक ग्रीन एक्सप्रेसवे बांध निर्माण का विरोध जारी रखने का ऐलान।
Faridabad | Satmark News 01 may 20206
ग्राम मोहना (mohna) में किसानों और ग्रामीणों की एक महत्वपूर्ण पंचायत आयोजित की गई, जिसमें ग्रीन एक्सप्रेसवे के तहत यमुना पुल के पास बनाए जा रहे बांध निर्माण को लेकर बड़ा निर्णय लिया गया। पंचायत में सर्वसम्मति से यह तय किया गया कि जब तक किसानों की भूमि संबंधी समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं होता, तब तक बांध निर्माण कार्य का विरोध जारी रहेगा। यह पंचायत सिद्ध बाबा मंदिर प्रांगण में आयोजित हुई, जिसमें ग्राम मोहना और मोहियापुर के किसान, ग्रामीण और सरदारी के लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। पंचायत की अध्यक्षता दादा गिर्राज ने की।
पंचायत में किसानों ने बताया कि पिछले करीब 50 वर्षों से यमुना नदी उनकी निजी भूमि में बह रही है। इस दौरान सरकार ने खनन के जरिए राजस्व तो प्राप्त किया, लेकिन किसानों को उनकी भूमि के उपयोग का कोई उचित मुआवजा या अधिकार नहीं मिला। किसानों ने इसे लंबे समय से चला आ रहा अन्याय बताया।
इसके साथ ही पंचायत में यमुना नदी और प्रस्तावित बांध के बीच स्थित भूमि को लेकर भी चिंता जताई गई। किसानों का कहना है कि इस भूमि की स्थिति और स्वामित्व को लेकर आज तक कोई स्पष्ट नीति नहीं बनाई गई, जिससे उनमें भारी असंतोष है। पंचायत ने अपने पूर्व निर्णय को दोहराते हुए स्पष्ट किया कि जब तक प्रभावित किसानों की जमीन का लिखित और स्थायी समाधान नहीं किया जाता, तब तक बांध निर्माण को आगे नहीं बढ़ने दिया जाएगा।
किसानों ने एकजुट होकर कहा कि वे अपने अधिकारों से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं करेंगे। साथ ही सरकार, प्रशासन और NHAI से जल्द बातचीत कर न्यायपूर्ण समाधान निकालने की मांग की गई। पंचायत में यह भी चेतावनी दी गई कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आगे और कड़े कदम उठाए जा सकते हैं, जिसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार और संबंधित विभागों की होगी।
अंत में सभी किसानों और ग्रामीणों ने एकजुट रहकर संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।

मुख्य रूप से उपस्थित लोग:
वेदराम, चाचा बेदन, नरेंद्र मास्टर, ईश्वर नंबरदार, सतवीर मैनेजर, बसंत, ओमवीर सिंह, जयपाल फौजी, किसान नेता कुकरिया, महावीर, नरेश, श्यामवीर, मोहित, कृष्ण ठेकेदार, कुमरपाल, ऋषि, देवेंद्र, बिशन सिंह, मुकेश कुमार, गिर्राज पंकज, प्रमोद, सेवक, मनीष, योगेश, रतन, किशन, चंद्रपाल, मुख्खे, बीरेन्द्र, रणनी, उदय आदि।
