पलवल पुलिस लाइन में जनरल परेड के दौरान SP नीतीश अग्रवाल ने लापरवाही पर सख्त चेतावनी दी। जिले में 1000 CCTV कैमरे लगाने और E-Sakshya ऐप के अनिवार्य उपयोग के निर्देश।
Palwal | Satmark News 01 may 2026
पलवल से इस वक्त की बड़ी खबर… पुलिस लाइन में आयोजित साप्ताहिक जनरल परेड के दौरान पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल ने सख्त रुख अपनाते हुए अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी दी है कि लापरवाही अब बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल ने परेड की सलामी लेने के बाद जिले के सभी थाना प्रबंधकों, चौकी प्रभारियों और जांच अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में कानून व्यवस्था को और मजबूत करने, लंबित मामलों के जल्द निपटारे और पारदर्शी पुलिसिंग को लेकर कई अहम दिशा-निर्देश दिए गए।
सबसे अहम फैसला ‘E-Sakshya’ ऐप को लेकर लिया गया है।
अब हर आपराधिक मामले में डिजिटल साक्ष्य जुटाने के लिए इस ऐप का इस्तेमाल अनिवार्य कर दिया गया है। इसके साथ ही गवाहों के बयान की वीडियो रिकॉर्डिंग भी जरूरी होगी।
“सुरक्षित शहर” अभियान के तहत जिले में 1000 नए CCTV कैमरे लगाने का लक्ष्य तय किया गया है। इसके लिए पुलिस अधिकारियों को स्थानीय दुकानदारों और नागरिकों के साथ समन्वय बनाने के निर्देश दिए गए हैं रात्रि गश्त को और प्रभावी बनाने और संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी के भी आदेश दिए गए हैं, ताकि रात में होने वाले अपराधों पर रोक लगाई जा सके।

कोर्ट से जुड़े सभी कार्य – जैसे चालान, बेल आवेदन और अन्य प्रक्रियाएं – अब तय समय सीमा के भीतर पूरी करनी होंगी। SP नीतीश अग्रवाल ने साफ कहा कि “शिकायतों के निपटारे और जांच में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
यदि किसी की कोताही से कोई घटना बढ़ती है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।” फिलहाल, इन सख्त निर्देशों के बाद साफ है कि पलवल पुलिस अब पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रही है।
