पलवल में इनेलो ने बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और पेट्रोल-डीजल की कीमतों के खिलाफ प्रदर्शन कर जिला सचिवालय में राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा।
Palwal | Satmark news 01 June 2026
पलवल, सोमवार। बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दे पर इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) ने जिला मुख्यालय पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने जिला सचिवालय पहुंचकर राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन की अगुवाई इनेलो विधायक आदित्य देवीलाल ने की। इस दौरान जिला अध्यक्ष महेंद्र चौहान, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष जवाहर डागर, महिला जिलाध्यक्ष सुनीता सौरौत , वरिष्ठ नेता महावीर चौहान, युवा जिलाध्यक्ष राहुल शर्मा और समेत कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
गुर्जर भवन से निकला जुलूस, सचिवालय तक मार्च
इनेलो कार्यकर्ता पहले गुर्जर भवन पर एकत्रित हुए, जहां से जुलूस के रूप में लघु सचिवालय पहुंचे। पूरे रास्ते कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारे लगाए और महंगाई के मुद्दे पर विरोध जताया।

महंगाई और बेरोजगारी पर सरकार पर निशाना
विधायक आदित्य देवीलाल ने कहा कि देश और प्रदेश में लगातार महंगाई बढ़ रही है। पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस की कीमतों में लगातार इजाफा हो रहा है, जिससे आम आदमी पर आर्थिक बोझ बढ़ता जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी नौकरियों में धांधली हो रही है और युवाओं का भविष्य असुरक्षित हो गया है।

युवाओं के मुद्दे पर भी उठाई आवाज
उन्होंने कहा कि देश का युवा अब सरकार की नीतियों के खिलाफ खड़ा हो रहा है और बदलाव चाहता है। प्रदर्शन के माध्यम से इनेलो ने केंद्र और हरियाणा सरकार से आम जनता को राहत देने की मांग की।
