कुरुक्षेत्र (Desk) 02 June 2026 |हरियाणा के कुरुक्षेत्र स्थित लोक नायक जय प्रकाश (LNJP) अस्पताल में नाबालिग लड़की के साथ कथित दुष्कर्म और यौन उत्पीड़न के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी डॉक्टर को चंद घंटों में गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, 31 मई 2026 को एक व्यक्ति ने शिकायत दी कि 29 मई को वह अपनी नाबालिग बेटी के साथ इलाज के लिए LNJP अस्पताल आया था। डॉक्टर द्वारा दोनों को अलग-अलग वार्ड में भर्ती किया गया।
आरोप है कि इसी दौरान डॉक्टर ने नाबालिग के साथ छेड़छाड़ और दुष्कर्म किया। 31 मई को जब पिता बेटी से मिलने पहुंचा तो पीड़िता ने पूरी घटना बताई, जिसके बाद मामला सामने आया।शिकायत के आधार पर थाना केयूके में POCSO एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने पीड़िता के बयान कोर्ट में दर्ज करवाए और मेडिकल परीक्षण कराया।
तफ्तीश के दौरान पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी डॉक्टर सलिन्द्र शर्मा शैली निवासी कुरुक्षेत्र को गिरफ्तार कर लिया और अदालत में पेश किया।

इस मामले को गंभीरता से लेते हुए हरियाणा महिला चेयरपर्सन रेनूभाटिया ने संज्ञान लिया है। आयोग ने स्वास्थ्य विभाग को पत्र जारी कर तत्काल और सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।आयोग ने कहा कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं, तो यह न केवल एक नाबालिग की सुरक्षा और सम्मान का उल्लंघन है, बल्कि चिकित्सा व्यवस्था में जनता के विश्वास को भी तोड़ने वाला गंभीर अपराध है।
हरियाणा महिला चेयरपर्सन रेनूभाटिया ने निर्देश दिए हैं कि आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहित, POCSO एक्ट 2012, हरियाणा सिविल सेवा नियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाए।

साथ ही विभागीय जांच शुरू करने, आरोपी की सेवाएं समाप्त करने और पीड़िता की सुरक्षा, काउंसलिंग व पुनर्वास सुनिश्चित करने को कहा गया है। आयोग ने स्वास्थ्य विभाग से जल्द Action Taken Report भी मांगी है और साफ कहा है कि महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराधों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
