विश्व पर्यावरण दिवस पर CM नायब सिंह सैनी ने 780 इलेक्ट्रिक बसों, प्राकृतिक खेती और प्रदूषण नियंत्रण को लेकर बड़े ऐलान किए। कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने किसानों की आय बढ़ाने पर जोर दिया।
Chandigarh (Desk) 05 June 2026 |
हरियाणा में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने पर्यावरण संरक्षण को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर कार्य कर रही है और इसे जन-आंदोलन बनाने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने जानकारी देते हुए बताया कि हाल ही में मोरनी क्षेत्र में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए किसानों और एक निजी कंपनी के बीच एमओयू साइन किया गया है। इस समझौते के तहत लगभग 4 हजार एकड़ कृषि भूमि पर अदरक, मिर्च सहित अन्य फसलों की खेती करवाई जाएगी, जिससे किसानों की आय बढ़ाने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के आह्वान के अनुरूप ईंधन की बचत और प्रदूषण नियंत्रण के लिए राज्य सरकार इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा दे रही है। इसी कड़ी में वर्ष 2026 में 780 नई इलेक्ट्रिक बसें सार्वजनिक परिवहन बेड़े में शामिल की जाएंगी, जिससे स्वच्छ और टिकाऊ परिवहन को बढ़ावा मिलेगा।
वायु प्रदूषण नियंत्रण के लिए सरकार द्वारा उठाए गए कदमों की जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि एनसीआर क्षेत्र की 1,349 औद्योगिक इकाइयों में से 1,308 में ऑनलाइन कंटीन्यूअस एमिशन मॉनिटरिंग सिस्टम (OCEMS) स्थापित किए जा चुके हैं। इसके अलावा प्रदेश में 23 नए कंटीन्यूअस एंबिएंट एयर क्वालिटी मॉनिटरिंग स्टेशन (CAAQMS) भी स्थापित किए जा रहे हैं। यमुना नदी के संरक्षण के लिए 133 एमएलडी क्षमता के 6 सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) निर्माणाधीन हैं, जबकि 7 STP के उन्नयन और 11 नए STP के निर्माण की योजना पर भी कार्य किया जा रहा है। औद्योगिक अपशिष्ट प्रबंधन के लिए 147.5 एमएलडी क्षमता के 8 कॉमन एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट भी स्थापित किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील करते हुए कहा कि हर व्यक्ति कम से कम एक पौधा जरूर लगाए और पर्यावरण संरक्षण को अपनी जिम्मेदारी समझे। इस अवसर पर हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री श्याम सिंह राणा ने भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से देशभर में पर्यावरण संरक्षण को लेकर जागरूकता बढ़ी है और बड़े स्तर पर वृक्षारोपण किया जा रहा है।

कृषि मंत्री ने कहा कि आज भारत कृषि उत्पादन में आत्मनिर्भर बन चुका है और किसानों की आय बढ़ाने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि हरियाणा में किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) और भावांतर भरपाई जैसी योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है।उन्होंने यह भी कहा कि फल और सब्जियां जल्दी खराब होने वाली फसलें हैं, इसलिए उनके भंडारण और विपणन के लिए आधुनिक कोल्ड चेन इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित किया जा रहा है। इसी उद्देश्य से हरियाणा एग्री बिजनेस एंड कोल्ड चेन सेंटर की स्थापना की जा रही है, जिससे किसानों को बेहतर मूल्य मिल सकेगा और फसल नुकसान कम होगा।
कार्यक्रम के दौरान गृह सचिव श्री सुधीर राजपाल, अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री विजयेंद्र कुमार, हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अध्यक्ष श्री विनय प्रताप सिंह, बागवानी विभाग के विभागाध्यक्ष श्री अर्जुन सैनी, मेयर श्री श्याम लाल बंसल और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष श्री ज्ञानचंद गुप्ता सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
