पानीपत में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने मोदी सरकार के 12 साल को बताया स्वर्णिम कार्यकाल। प्राकृतिक खेती, नैनो DAP और हरियाणा में जनकल्याणकारी शिविरों पर दिया जोर।
Panipat (Desk) | 5 जून 2026
देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी की हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने पानीपत शहरी विधानसभा के कार्यकर्ताओं की बैठक ली। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार के 12 साल के कार्यकाल को “स्वर्णिम कार्यकाल” बताया और सरकार की उपलब्धियों को विस्तार से रखा।
डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि इन 12 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिलाओं, किसानों और हर वर्ग के हित में काम किया है। उन्होंने बताया कि सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर काम किया है।
उन्होंने जानकारी दी कि इस प्रकार की कार्यशालाएं हरियाणा की सभी 90 विधानसभा सीटों पर आयोजित की जाएंगी। साथ ही प्रदेशभर में जनकल्याणकारी शिविर लगाए जाएंगे, जिनमें जिला स्तर के अधिकारी मौजूद रहेंगे।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि हर विधानसभा और लोकसभा क्षेत्र में सांसद और विधायक प्रवास करेंगे, जिससे जनता से सीधा संवाद स्थापित किया जा सके।

अर्चना गुप्ता ने प्राकृतिक खेती को लेकर कहा कि भाजपा कार्यकर्ता किसानों को इसके फायदे समझाएंगे। उन्होंने बताया कि कई किसानों को यह भ्रम है कि प्राकृतिक खेती से उत्पादन कम होता है, जबकि ऐसा नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि किसानों को मिट्टी की गुणवत्ता की सही जानकारी नहीं होती, इसलिए हर जिले में मिट्टी जांच की सुविधा उपलब्ध करवाई गई है, जिससे किसान अपनी जमीन के अनुसार खाद का इस्तेमाल कर सकें।
उन्होंने किसानों से पारंपरिक DAP खाद की जगह नैनो DAP अपनाने की अपील करते हुए कहा कि ज्यादा DAP के इस्तेमाल से देश का पैसा विदेशों में जाता है।डॉ. अर्चना गुप्ता ने कुछ संगठनों पर निशाना साधते हुए उन्हें “भ्रामक प्रचार” फैलाने वाला बताया। उन्होंने “कॉकरोच जनता पार्टी” को एंटी-इंडिया करार देते हुए कहा कि देश का युवा ऐसे बहकावे में नहीं आने वाला।
महंगाई के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने इसे नियंत्रित करने का काम किया है। उन्होंने पाकिस्तान का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां पेट्रोल की कीमत 200-250 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गई थी। मिडिल ईस्ट संकट का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि वैश्विक संकट के बावजूद भारत में न तो आपूर्ति प्रभावित हुई और न ही कोई जहाज फंसा। उन्होंने दावा किया कि सरकार ने किसी भी गृहणी का चूल्हा बंद नहीं होने दिया।
पंजाब चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को जिम्मेदारी दी गई है और 2027 के चुनाव में उनकी सक्रिय भूमिका रहेगी। उन्होंने आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि पंजाब में नशे की समस्या पहले से ज्यादा बढ़ी है।

