पलवल की निजी बॉक्सिंग अकादमी में तूफान से हुए नुकसान का खेल मंत्री गौरव गौतम ने निरीक्षण कर हरसंभव सहायता का भरोसा दिया।
Palwal 06 June 2026 |
हरियाणा के खेल मंत्री श्री गौरव गौतम ने हाल ही में आए तेज तूफान से जिले में हुए नुकसान का जायजा लिया। इसी कड़ी में उन्होंने पलवल स्थित निजी बॉक्सिंग अकादमी का दौरा कर वहां हुई क्षति का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अकादमी की संचालक एवं अंतरराष्ट्रीय बॉक्सर प्रियंका तेवतिया से मुलाकात कर स्थिति की जानकारी ली। खेल मंत्री ने प्रियंका तेवतिया का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि प्राकृतिक आपदा के कारण अकादमी को जो भी नुकसान हुआ है, उसकी भरपाई के लिए सरकार हरसंभव प्रयास करेगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि खिलाड़ियों के प्रशिक्षण और खेल गतिविधियों पर किसी प्रकार का प्रभाव नहीं पड़ने दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि निजी बॉक्सिंग अकादमी क्षेत्र के युवा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। दौरे के दौरान उन्होंने अकादमी में प्रशिक्षण ले रहे खिलाड़ियों से भी बातचीत की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

गौरव गौतम ने यह भी आश्वासन दिया कि अकादमी से जुड़े खिलाड़ियों को राज्य स्तरीय खेल सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक संसाधन और उत्कृष्ट खेल वातावरण उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश का हर खिलाड़ी हरियाणा की पहचान है और सरकार उनकी प्रतिभा को निखारने तथा आगे बढ़ाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
इसके साथ ही खेल मंत्री ने रविवार को आयोजित होने वाले “साइकिल ऑन संडे” कार्यक्रम में अधिक से अधिक लोगों से भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल साइकिल रैली नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और युवाओं को नशे से दूर रखने का जन-जागरूकता अभियान है।

