फिलाडेल्फिया में तेलंगाना के 28 वर्षीय भारतीय युवक अंशुल कुंचा की पिज्जा डिलीवरी के दौरान गोली मारकर हत्या कर दी गई। परिवार ने इसे फर्जी ऑर्डर के जरिए रची गई साजिश बताया है।
अमेरिका के फिलाडेल्फिया शहर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। तेलंगाना के मेडचल-मलकाजगिरी जिले के रहने वाले 28 वर्षीय अंशुल कुंचा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। अंशुल अमेरिका में एमबीए की पढ़ाई कर रहा था और एक मल्टीनेशनल कंपनी में नौकरी के साथ-साथ सप्ताहांत में अतिरिक्त आय के लिए पिज्जा डिलीवरी का काम भी करता था। जानकारी के अनुसार, 6 जून की देर रात अंशुल को फिलाडेल्फिया के नॉर्थ फिलाडेल्फिया स्थित Raymond Rosen Homes हाउसिंग कॉम्प्लेक्स में पिज्जा डिलीवर करने का ऑर्डर मिला। जब वह ऑर्डर पहुंचाकर वापस लौट रहा था, तभी अज्ञात हमलावरों ने उसके सिर पर बेहद नजदीक से गोली मार दी। घायल अवस्था में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
खाली फ्लैट में मंगाया गया था पिज्जा
जांच में सामने आया है कि जिस फ्लैट के लिए पिज्जा ऑर्डर किया गया था, वह खाली पड़ा हुआ था। पुलिस को वहां पिज्जा भी बिना छुए मिला। इस खुलासे के बाद आशंका जताई जा रही है कि यह कोई सामान्य अपराध नहीं बल्कि अंशुल को सुनियोजित तरीके से वहां बुलाने की साजिश थी।
परिवार ने बताया ‘डेथ ट्रैप’
अंशुल की बहन तन्वी ने आरोप लगाया कि यह एक सोची-समझी साजिश थी। उनका कहना है कि हमलावरों का मकसद सिर्फ हत्या करना था, क्योंकि अंशुल से कोई सामान या नकदी नहीं लूटी गई। परिवार का दावा है कि फर्जी पिज्जा ऑर्डर देकर उसे सुनसान जगह बुलाया गया और फिर मौत के घाट उतार दिया गया।
CCTV में दिखे दो संदिग्ध
स्थानीय पुलिस को मिले सीसीटीवी फुटेज में दो संदिग्ध युवक अंशुल के पीछे जाते दिखाई दिए हैं। बताया जा रहा है कि दोनों ने काले रंग के कपड़े पहन रखे थे और उनके पास बैग भी थे। हालांकि अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस उस फोन नंबर की जांच कर रही है जिससे पिज्जा का ऑर्डर दिया गया था।
भारतीय दूतावास ने जताया दुख
न्यूयॉर्क स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। दूतावास ने कहा है कि वह पीड़ित परिवार के संपर्क में है और हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
20 हजार डॉलर का इनाम घोषित
फिलाडेल्फिया पुलिस ने इस हत्या के आरोपियों की गिरफ्तारी और सजा तक पहुंचाने वाली जानकारी देने वाले व्यक्ति के लिए 20,000 डॉलर के इनाम की घोषणा की है। जांच एजेंसियां इस मामले को हत्या की साजिश मानकर कई पहलुओं पर जांच कर रही हैं।
परिवार की अपील
अंशुल के परिवार ने भारत सरकार और विदेश मंत्रालय से शव को जल्द भारत लाने में मदद की मांग की है। परिवार का कहना है कि उनका बेटा बेहतर भविष्य की तलाश में अमेरिका गया था, लेकिन अब उसकी पार्थिव देह ही घर लौटेगी।
फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि फर्जी पिज्जा ऑर्डर किसने दिया और हत्या के पीछे असली मकसद क्या था।


