रोहतक के महम में कांग्रेस विधायक बलराम डांगी के कार्यालय पर फायरिंग के बाद पुलिस एक्शन में आई। CIA टीम ने मुठभेड़ में आरोपी अमन को गिरफ्तार किया, पैर में लगी गोली।
Rohtak 21 June 2026| हरियाणा के रोहतक जिले के महम में कांग्रेस विधायक बलराम डांगी के चुनावी कार्यालय पर हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। देर रात हुई इस सनसनीखेज वारदात के बाद रोहतक CIA टीम और बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई, जिसमें आरोपी को गोली लगने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया।
जानकारी के अनुसार, बीती रात अज्ञात बदमाशों ने विधायक के कार्यालय को निशाना बनाते हुए 4 से 5 राउंड फायरिंग की थी। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया था और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए थे।फायरिंग की घटना के बाद सक्रिय हुई पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध बदमाश को ट्रैक किया। महम इलाके में रोहतक CIA टीम और आरोपी के बीच मुठभेड़ हुई। इस दौरान क्रॉस फायरिंग में बदमाश के पैर में गोली लग गई।
घायल बदमाश की पहचान अमन निवासी लाखन माजरा के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे तुरंत हिरासत में लेकर इलाज के लिए रोहतक पीजीआई के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि यही आरोपी विधायक के कार्यालय पर हुई फायरिंग में शामिल था। हालांकि अभी यह साफ नहीं हो पाया है इस वारदात के पीछे असली मकसद क्या था।
फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है। इसमें आपसी रंजिश, राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता या डर का माहौल बनाने जैसे सभी पहलुओं को ध्यान में रखा जा रहा है। मौके से मिले खाली कारतूस और CCTV फुटेज के आधार पर अन्य आरोपियों की तलाश भी जारी है। इस घटना ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था और जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
