बहादुरगढ़ के नया गांव बीर बरकताबाद में देर रात बाइक सवार तीन बदमाशों ने 29 वर्षीय नीरज उर्फ बांडीया की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस गैंगवार, पुरानी रंजिश समेत सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।

बहादुरगढ़ (SHOYAB) हरियाणा के बहादुरगढ़ में मंगलवार देर रात ताबड़तोड़ फायरिंग की घटना से इलाके में दहशत फैल गई। नया गांव बीर बरकताबाद में बाइक सवार तीन बदमाशों ने 29 वर्षीय नीरज उर्फ बांडीया की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नीरज रात को खाना खाने के बाद अपने घर के बाहर टहल रहा था। इसी दौरान बाइक पर सवार तीन हमलावर वहां पहुंचे और उस पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। जान बचाने के लिए नीरज करीब 50 मीटर तक दौड़ा, लेकिन गोली लगने से वह सड़क पर गिर पड़ा।
घटना के बाद परिजन और स्थानीय लोग उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही डीसीपी मयंक मिश्रा और डीसीपी क्राइम शुभम सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश के लिए कई टीमों का गठन किया गया है।
पुलिस के अनुसार, मृतक नीरज उर्फ बांडीया के खिलाफ पहले से हत्या और शराब तस्करी सहित कई मामले दर्ज थे। फिलहाल पुलिस पुरानी रंजिश, गैंगवार और अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
