नगर परिषद पलवल की वित्त एवं अनुबंध समिति की बैठक में करीब 8.50 करोड़ रुपये के विकास कार्यों को मंजूरी दी गई। विभिन्न वार्डों में सड़क, नालियां, कॉलोनियों के विकास और भगवान परशुराम द्वार सहित कई परियोजनाएं स्वीकृत हुईं।

पलवल(SHOYAB) नगर परिषद पलवल की वित्त एवं अनुबंध समिति की बैठक चेयरमैन डॉ. यशपाल की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में शहर के समग्र विकास को गति देने के उद्देश्य से करीब 8.50 करोड़ रुपये के विभिन्न विकास कार्यों को मंजूरी प्रदान की गई।
बैठक में सड़क निर्माण, नालियों, सार्वजनिक आधारभूत सुविधाओं, धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों के विकास सहित कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर सहमति बनी।
इन प्रमुख परियोजनाओं को मिली मंजूरी
स्वीकृत विकास कार्यों में शामिल हैं:
वार्ड नंबर-11 के रामनगर और भाटिया कॉलोनी में लगभग 3.50 करोड़ रुपये के विकास कार्य।
वार्ड नंबर-12 की जवाहर नगर कैंप कॉलोनी में करीब 2.57 करोड़ रुपये के विकास कार्य।
वार्ड नंबर-20 में बस स्टैंड के निकट भगवान परशुराम द्वार के निर्माण के लिए 1.25 करोड़ रुपये की स्वीकृति।
सोहना रोड स्थित कॉलोनी आईडी-295 और हरपथ 2.0 सहित अन्य जनहित से जुड़े आधारभूत विकास कार्यों को भी मंजूरी दी गई।
सभी वार्डों में समान विकास हमारी प्राथमिकता: डॉ. यशपाल
बैठक के बाद चेयरमैन डॉ. यशपाल ने कहा कि नगर परिषद का उद्देश्य केवल विकास कार्यों की घोषणा करना नहीं, बल्कि उन्हें गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से पूरा करना है। उन्होंने कहा कि शहर के प्रत्येक वार्ड तक समान रूप से विकास पहुंचाना परिषद की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
शहर में बनेंगे कई भव्य प्रवेश द्वार
डॉ. यशपाल ने बताया कि नगर परिषद शहर की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक पहचान को मजबूत करने के लिए भी लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप द्वार का निर्माण पूरा हो चुका है। इसके अलावा महाराजा अग्रसेन द्वार, पंचवटी पचोवन धाम द्वार, महाराणा सांगा द्वार और भगवान परशुराम द्वार के निर्माण कार्य भी जल्द शुरू होंगे। इन परियोजनाओं की टेंडर प्रक्रिया जारी है।
23वीं कॉलोनी होगी विकसित
उन्होंने बताया कि वर्तमान कार्यकाल में नगर परिषद द्वारा 22 कच्ची कॉलोनियों का विकास किया जा चुका है। अब सोहना रोड स्थित कॉलोनी आईडी-295 उनके कार्यकाल में विकसित होने वाली 23वीं कॉलोनी होगी, जिसके लिए जल्द ही टेंडर जारी किए जाएंगे।
डॉ. यशपाल ने कहा कि पलवल को आधुनिक, स्वच्छ, सुव्यवस्थित और सांस्कृतिक रूप से समृद्ध शहर बनाने के लिए नगर परिषद निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि जनसहयोग और पारदर्शी प्रशासन के बल पर पलवल विकास के नए आयाम स्थापित करेगा।
