पलवल (संजीव राठौर) 26 मई 2026 | पलवल के जिला विश्रामगृह में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के पूर्व मंत्री करण सिंह दलाल के खिलाफ प्रेस वार्ता आयोजित कर कड़ा विरोध जताया। यह विरोध हरियाणा सरकार में खेल मंत्री और पलवल विधायक गौरव गौतम (gaurav gautam )के खिलाफ की गई कथित अभद्र टिप्पणी को लेकर किया गया।
प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा नेताओं ने करण सिंह दलाल ( karan singh dalal )के बयानों की कड़ी आलोचना करते हुए उनकी मानसिकता पर सवाल उठाए। इस मौके पर भाजपा जिला अध्यक्ष विपिन बैसला, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य हरेंद्र पाल राणा, मार्केट कमेटी अध्यक्ष पंकज विरमानी, पूर्व पार्षद इंद्रपाल शर्मा, कर्मवीर दलाल और रामकिशन पांचाल सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
वरिष्ठ भाजपा नेता हरेंद्र पाल राणा ने कांग्रेस शासनकाल का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि जब करण सिंह दलाल मंत्री थे, उस दौरान “राजनीतिक आतंकवाद” जैसी स्थिति पैदा की गई। उन्होंने कहा कि उस समय अवैध कब्जे, झूठे मुकदमे दर्ज कराने और युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ जैसी घटनाएं सामने आती थीं।
राणा ने यह भी कहा कि जनता ने इन्हीं कारणों से उन्हें राजनीति से दूर कर दिया और लगातार तीन चुनावों में हार का सामना करना पड़ा।
इसके अलावा, हरेंद्र पाल राणा ने करण सिंह दलाल के भाई प्रेम दलाल पर भी निशाना साधते हुए कहा कि कोऑपरेटिव बैंक घोटाले के मामले में वह फिलहाल जमानत पर हैं। उन्होंने कहा कि दूसरों पर टिप्पणी करने से पहले व्यक्ति को अपने आचरण और परिवार की स्थिति पर आत्ममंथन करना चाहिए।
वहीं, पूर्व पार्षद कर्मवीर दलाल, जो करण सिंह दलाल के पैतृक गांव से ही संबंध रखते हैं, ने भी तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में आम लोगों में भारी नाराजगी थी। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक प्रभाव का इस्तेमाल कर संपत्तियां अर्जित की गईं और करीब 90 एकड़ जमीन फर्जीवाड़े के जरिए हड़पने का मामला भी सामने आया।
भाजपा नेताओं ने कांग्रेस शासनकाल के दौरान हुए कथित घोटालों का भी जिक्र करते हुए कहा कि जनता अब ऐसी राजनीति को स्वीकार नहीं करेगी।

