दिल्ली-NCR और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अगले 3 घंटों के लिए भीषण आंधी, तेज बारिश, बिजली गिरने और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी। जानिए किन जिलों पर सबसे ज्यादा असर और क्या बरतें सावधानी।
New delhi (Siddarth) 11 june 2026 । दिल्ली-NCR और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लोगों के लिए मौसम को लेकर बड़ा अलर्ट जारी किया गया है। आपदा प्रबंधन एजेंसियों और मौसम विभाग की चेतावनी के अनुसार अगले कुछ घंटों में कई इलाकों में भीषण आंधी, तेज बारिश, बिजली गिरने और ओलावृष्टि की संभावना है। कुछ स्थानों पर हवाओं की रफ्तार 80 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
अलर्ट के दायरे में दिल्ली, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिले शामिल हैं। प्रभावित क्षेत्रों में मेरठ, गाजियाबाद, नोएडा, अलीगढ़, मथुरा और आगरा तक का इलाका शामिल बताया गया है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे पेड़ गिरने, बिजली आपूर्ति बाधित होने और यातायात प्रभावित होने की आशंका है। ऐसे में लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है।
लोगों के लिए जरूरी सलाह
- घरों या सुरक्षित इमारतों के अंदर ही रहें।
- पेड़ों, बिजली के खंभों और खुले मैदानों से दूर रहें।
- बिना जरूरी काम के यात्रा करने से बचें।
- अपने वाहन सुरक्षित स्थान पर पार्क करें।
- बिजली चमकने के दौरान खुले स्थान पर मोबाइल या धातु की वस्तुओं का उपयोग न करें।
- पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें।
- जलभराव वाली सड़कों से गुजरने की कोशिश न करें।
- बच्चों और पालतू जानवरों को खुले में न छोड़ें।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे मौसम विभाग द्वारा जारी ताजा अपडेट पर नजर रखें और किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।

