दिल्ली-एनसीआर में अगले 2 घंटों के लिए आईएमडी ने जारी किया अलर्ट। गरज-चमक, तेज हवाओं (40-60 किमी/घंटा) और बारिश की संभावना, लोगों को सतर्क रहने की सलाह।
Delhi (desk) 12 June 2026 |
दिल्ली-एनसीआर में मौसम अचानक करवट लेने वाला है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने अगले दो घंटों के दौरान तेज बारिश, गरज-चमक और आंधी को लेकर अलर्ट जारी किया है।
आईएमडी के अनुसार, दिल्ली के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनकी रफ्तार 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।
किन इलाकों में असर ज्यादा?
उत्तर, उत्तर-पूर्व, उत्तर-पश्चिम और पूर्वी दिल्ली में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं दक्षिण और दक्षिण-पूर्वी दिल्ली में भी 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने के साथ बारिश हो सकती है।
एनसीआर के शहर भी अलर्ट पर
नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद, दादरी और लोनी समेत पूरे एनसीआर में मौसम के अचानक बदलने के आसार हैं।
हरियाणा और पश्चिमी यूपी में भी असर
हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भी अलर्ट जारी किया गया है। इनमें सोनीपत, पानीपत, करनाल, शामली, मुजफ्फरनगर, मेरठ, बागपत, हापुड़, अमरोहा और मुरादाबाद शामिल हैं।

आईएमडी की चेतावनी
आईएमडी ने साफ किया है कि इस दौरान बिजली गिरने, तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है, जिससे जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है।
लोगों के लिए सलाह
खराब मौसम को देखते हुए लोगों से अपील की गई है कि वे खुले स्थानों पर न रहें और पेड़ों या बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने से बचें। सुरक्षित स्थानों पर रहें और अनावश्यक यात्रा से परहेज करें।
