पलवल में राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने हरियाणा पुलिस के एएसआई होशियार सिंह को 2 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। मामला 2023 के एक हनीट्रैप केस से जुड़ा बताया जा रहा है।

Palwal (SHOYAB ) | हरियाणा के पलवल में राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए हरियाणा पुलिस के एएसआई होशियार सिंह को 2 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी एएसआई चांदहट थाना क्षेत्र में तैनात था और पहले आईआरवी (IRV) का प्रभारी भी रह चुका है।
2023 के हनीट्रैप मामले से जुड़ा है मामला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह मामला वर्ष 2023 के एक हनीट्रैप केस से जुड़ा हुआ है। आरोप है कि इस मामले में समझौता कराने और कार्रवाई में राहत दिलाने के नाम पर एएसआई ने एक पुलिसकर्मी से 2 लाख रुपये की रिश्वत की मांग की थी।
ACB ने ट्रैप लगाकर किया गिरफ्तार
शिकायत मिलने के बाद राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने मामले का सत्यापन किया। आरोप सही पाए जाने पर एसीबी टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप लगाया और आरोपी एएसआई को रिश्वत की रकम लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ जारी, अन्य लोगों की भूमिका भी जांच के दायरे में
कार्रवाई के बाद आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। एसीबी अब इस बात की भी जांच कर रही है कि इस मामले में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता तो नहीं है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी ने पहले भी इस प्रकार की अवैध वसूली की है या नहीं।
भ्रष्टाचार पर सख्ती जारी
एसीबी अधिकारियों ने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कोई भी सरकारी कर्मचारी कानून से ऊपर नहीं है। यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है तो उसकी शिकायत तत्काल एंटी करप्शन ब्यूरो से की जानी चाहिए, ताकि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सके।
फिलहाल इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।
