फरीदाबाद के सेक्टर-8 स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर में देर रात चोरी की बड़ी वारदात हुई। चोर भगवान हनुमान की प्रतिमा से करीब 6 किलो चांदी का छत्र और मुकुट चोरी कर फरार हो गया। पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हुई है।

Faridabad (SHOYAB ) | फरीदाबाद के सेक्टर-8 स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर में देर रात चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। अज्ञात चोर भगवान हनुमान की प्रतिमा पर चढ़ा करीब 6 किलो चांदी का छत्र और मुकुट चोरी कर फरार हो गया। चोरी गए सामान की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि वारदात रात करीब 2:30 बजे हुई। चोर मंदिर परिसर में हवन कुंड की ओर बने छोटे गेट से अंदर दाखिल हुआ और भगवान की प्रतिमा से चांदी का छत्र व मुकुट उतारकर मौके से फरार हो गया।
सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई वारदात
मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी चोरी की घटना रिकॉर्ड हो गई। फुटेज में चोर अपना चेहरा गमछे से ढके हुए दिखाई दे रहा है, जिससे उसकी पहचान छिपी रहे।
सुबह मंदिर खुलने पर चला चोरी का पता
सुबह जब मंदिर के पुजारी पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे तो उन्हें प्रतिमा से चांदी का छत्र और मुकुट गायब मिला। इसके बाद मंदिर के प्रधान को सूचना दी गई, जिन्होंने तुरंत पुलिस को मामले की जानकारी दी।
पुजारी ने जताया जानकार व्यक्ति पर शक
मंदिर के पुजारी ने आशंका जताई है कि वारदात को किसी ऐसे व्यक्ति ने अंजाम दिया हो सकता है, जिसे मंदिर की व्यवस्था और परिसर की पूरी जानकारी थी। पुलिस इस पहलू को भी जांच में शामिल कर रही है।
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। चौकी इंचार्ज का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की जा रही है और उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
