चंडीगढ़ (संजीव राठौर) 25 मई 2026 | हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पशुपालकों के लिए बड़ी सौगात का ऐलान किया है। अब राज्य में पशु चिकित्सा मोबाइल वैन सिर्फ 30 मिनट के भीतर किसानों के घर पहुंचकर इलाज उपलब्ध कराएंगी। इसके लिए सरकार ने टोल-फ्री नंबर 1962 जारी किया है, जिस पर कॉल करके सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक यह सुविधा ली जा सकेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन मोबाइल वैन में विशेषज्ञ डॉक्टर और सहायक मौजूद रहेंगे, जिससे पशुओं को समय पर इलाज और आपातकालीन देखभाल मिल सकेगी। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस सेवा को जल्द ही 24 घंटे (24×7) तक विस्तारित किया जाए।
‘विजन 2047’ पर फोकस
चंडीगढ़ में आयोजित एक उच्च स्तरीय बैठक में मुख्यमंत्री ने कृषि, बागवानी, मत्स्य पालन और पशुपालन विभागों के ‘विजन 2047’ रोडमैप की समीक्षा की। इस दौरान कृषि क्षेत्र के आधुनिकीकरण, फसल विविधीकरण, प्राकृतिक खेती और जलवायु-अनुकूल तकनीकों पर जोर दिया गया।
कृषि क्षेत्र के बड़े लक्ष्य
- 2026-27 तक 1.40 लाख एकड़ जलभराव और लवणीय भूमि सुधार का लक्ष्य
- 2031 तक ऐसी जमीन को 100% सुधारने की योजना
- हर साल 15 लाख किसानों को सॉइल हेल्थ कार्ड
- 3 लाख एकड़ में DSR तकनीक को बढ़ावा
- पराली जलाने पर रोक के लिए हर साल 15,000 मशीनें वितरित
जागरूकता अभियान भी शुरू होगा
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि किसानों को जागरूक करने के लिए ‘जागरूक यात्रा’, डॉक्युमेंट्री और डिजिटल कैंपेन चलाए जाएं। साथ ही हर विभाग को अपना फेसबुक पेज और यूट्यूब चैनल बनाने के निर्देश भी दिए गए।
बागवानी और मत्स्य पालन पर जोर
- उच्च मूल्य वाली फसलों को बढ़ावा
- सेब, खजूर, नाशपाती के क्लस्टर बनाने का सुझाव
- जलभराव वाली जमीन में झींगा पालन की संभावना तलाशने के निर्देश
पशुपालन क्षेत्र में सुधार
सरकार पशु चिकित्सा लैब को मजबूत करने, डिजिटल मॉनिटरिंग सिस्टम लागू करने और रोग नियंत्रण तंत्र को बेहतर बनाने पर काम कर रही है। साथ ही हर जिले में सालाना 4 पशु मेले आयोजित करने की योजना है।
हरियाणा सरकार की यह पहल पशुपालकों के लिए राहत भरी खबर है। घर बैठे 30 मिनट में पशु इलाज की सुविधा मिलने से न सिर्फ पशुओं की सेहत सुधरेगी, बल्कि किसानों की आय बढ़ाने में भी मदद मिलेगी।

