गुरुग्राम, ( संजीव राठौर) 26 मई 2026 | गुरुग्राम कोर्ट परिसर में रविवार दोपहर करीब 12 बजे अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग की शुरुआत लोअर कोर्ट के रिकॉर्ड रूम से हुई, जो देखते ही देखते अन्य कमरों तक फैल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सबसे पहले रिकॉर्ड रूम से धुआं और आग की लपटें उठती दिखाई दीं, जिसके बाद चौकीदार ने तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी। शुरुआती तौर पर भीमनगर फायर स्टेशन से तीन दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, लेकिन आग की गंभीरता को देखते हुए बाद में 20 से ज्यादा दमकल गाड़ियों को मौके पर बुलाया गया।
दमकलकर्मी लगातार आग बुझाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन रिकॉर्ड रूम में रखे भारी मात्रा में कागजात के कारण आग तेजी से फैल गई और पूरे परिसर में धुआं भर गया। धुएं की वजह से दमकल कर्मियों को अंदर जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
आग पर काबू पाने के लिए दमकलकर्मी खिड़कियों को तोड़कर अंदर पानी डाल रहे हैं। इसके बावजूद आग पर अभी तक पूरी तरह से नियंत्रण नहीं पाया जा सका है।
घटना के करीब चार घंटे बाद कोर्ट बिल्डिंग का एक हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है। फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
दमकल अधिकारियों के मुताबिक आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है।

