पलवल, (संजीव राठौर) 24 मई 2026 | जिला पुलिस पलवल की क्राइम ब्रांच टीम ने कैंप थाना क्षेत्र में वायरल हुई मारपीट की वीडियो के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट कार, स्कूटी, दो हथौड़े, दो डंडे और मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
उप पुलिस अधीक्षक (क्राइम) अनिल कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस अधीक्षक पलवल नीतीश अग्रवाल (आईपीएस) के दिशा-निर्देशन में जिला पुलिस लगातार अपराधियों पर सख्ती से कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में क्राइम ब्रांच प्रभारी निरीक्षक रविंद्र कुमार की टीम ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए सफलता हासिल की।
उन्होंने बताया कि बसंत विहार कॉलोनी निवासी सिकंदर डागर की शिकायत पर 19 मई को हुई मारपीट के संबंध में मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर 20 मई को चार आरोपियों — परवीन, देवेंद्र उर्फ देवा (निवासी कृष्णा कॉलोनी, पलवल) तथा बलराम उर्फ बल्लू और हरदेव उर्फ गोली (निवासी जोधपुर, पलवल) को गिरफ्तार कर लिया था।
आरोपियों से वारदात में इस्तेमाल हथियार और वाहन बरामद करने के लिए उन्हें तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया था। रिमांड के दौरान पुलिस ने सभी महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटा लिए।
डीएसपी क्राइम ने बताया कि चारों आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस मामले से जुड़े किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

