हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने पंचकूला में 100 करोड़ से अधिक की 9 स्वास्थ्य परियोजनाओं का शुभारंभ किया। जानें MRI, CT स्कैन, महिला क्लिनिक और नई सुविधाओं का पूरा अपडेट।
पंचकुला (डेस्क) 28 may 2026
हरियाणा में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंचकूला में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम में 100 करोड़ रुपये से अधिक की 9 बड़ी स्वास्थ्य परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया।
इस दौरान स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव और महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी भी मौजूद रहीं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि 22.29 करोड़ रुपये की लागत से 30 स्वास्थ्य संस्थानों का उद्घाटन और 21.50 करोड़ रुपये से 16 नए स्वास्थ्य संस्थानों का शिलान्यास किया गया है। इसके साथ ही कई जिला अस्पतालों में आधुनिक सुविधाएं शुरू की गई हैं।
सरकार ने प्रदेश के अस्पतालों में MRI, CT स्कैन और अन्य जांच सुविधाओं का विस्तार किया है। पानीपत, कुरुक्षेत्र, बहादुरगढ़ और दादरी में नई मशीनों की शुरुआत की गई है। वहीं, 600 से ज्यादा स्वास्थ्य संस्थानों में टेली-ईसीजी सेवाएं भी शुरू की गई हैं, जिससे दिल की बीमारियों की जांच समय पर हो सकेगी।
महिलाओं के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए 23 जिला अस्पतालों में “स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार” क्लिनिक शुरू किए गए हैं। साथ ही मेडिकल कॉलेजों में मुफ्त डायलिसिस सुविधा भी शुरू की गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब हर जिले में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध ना सरकार का लक्ष्य है, ताकि लोगों को इलाज के लिए बड़े शहरों में न जाना पड़े। उन्होंने बताया कि राज्य में स्वास्थ्य बजट में लगातार बढ़ोतरी की गई है और अब यह 14 हजार करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
सरकार ने डॉक्टरों की कमी को दूर करने के लिए 777 मेडिकल ऑफिसर्स की भर्ती पूरी कर ली है, जबकि 450 और डॉक्टरों की भर्ती प्रक्रिया अंतिम चरण में है।
आपातकालीन सेवाओं को मजबूत करने के लिए प्रदेश में 550 एंबुलेंस का नेटवर्क तैयार किया गया है, जो डायल-112 से जुड़ा है। आने वाले समय में नई एडवांस और बेसिक एंबुलेंस भी जोड़ी जाएंगी।
मुख्यमंत्री ने लोगों से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील करते हुए योग, संतुलित आहार और नशा मुक्त जीवन पर जोर दिया।
इस कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी भी मौजूद रहे।

