नूंह में MDA की 34वीं बैठक में शिक्षा, खेल, स्वास्थ्य और इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़ी करोड़ों की योजनाओं को मंजूरी, 25 स्कूलों में STEM लैब और स्विमिंग पूल निर्माण का फैसला।
Nuh (Desk) 02 जून 2026
नूंह सचिवालय में आज मेवात विकास एजेंसी (MDA) की 34वीं गवर्निंग बॉडी की अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें मेवात क्षेत्र के समग्र विकास को लेकर कई बड़े फैसले लिए गए। बैठक में शिक्षा, खेल, स्वास्थ्य और आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं को मंजूरी दी गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि क्षेत्र के 25 सरकारी स्कूलों में आधुनिक STEM लैब स्थापित की जाएंगी, जिससे विद्यार्थियों को तकनीकी और वैज्ञानिक शिक्षा से जोड़ा जा सके। साथ ही स्कूल ड्रॉपआउट दर को कम करने के लिए विशेष योजना लागू की जाएगी।

हथीन ब्लॉक के सरकारी स्कूलों में अध्यापकों की कमी को दूर करने के लिए ‘शिक्षा सहायक’ कार्यक्रम को हरी झंडी दी गई है। इसके अलावा 21 सरकारी स्कूलों में 10 KVA क्षमता के हाइब्रिड सोलर सिस्टम लगाए जाएंगे, जिससे बिजली की समस्या से राहत मिलेगी।
खेल सुविधाओं को बढ़ावा देने के तहत नूंह में 10.52 करोड़ रुपये की लागत से स्विमिंग पूल बनाया जाएगा। सांगल में खेल परिसर और पुराने कोर्ट परिसर में एक सार्वजनिक पार्क भी विकसित किया जाएगा।स्वास्थ्य क्षेत्र में मांडीखेड़ा अस्पताल में सोलर लाइटें लगाने और नूंह के पशु अस्पताल में नई सुविधाओं के विस्तार को मंजूरी दी गई है।
बैठक में कहा गया कि मेवात के युवाओं, किसानों और आम नागरिकों तक विकास का लाभ पहुंचाने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है।
