NEET UG परीक्षा 21 जून को होगी, दिल्ली सरकार ने उम्मीदवारों को DTC बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा दी। एडमिट कार्ड दिखाकर मिलेगा लाभ।
नई दिल्ली ( संजीव राठौर) । राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET UG) 2026 में शामिल होने वाले छात्रों के लिए दिल्ली सरकार ने बड़ा ऐलान किया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने जानकारी दी कि 21 जून को होने वाली परीक्षा के दिन उम्मीदवारों को दिल्ली परिवहन निगम (DTC) की सभी बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बताया कि परीक्षार्थी अपना वैध एडमिट कार्ड दिखाकर इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं। इस फैसले का उद्देश्य छात्रों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो, यह सुनिश्चित करना है।
दरअसल, पिछले वर्षों में NEET परीक्षा के दौरान कई छात्रों को ट्रांसपोर्ट की समस्या का सामना करना पड़ा था। कई जगहों पर परीक्षा केंद्र दूर होने के कारण छात्र समय पर नहीं पहुंच पाए या अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ा। इन समस्याओं को ध्यान में रखते हुए दिल्ली सरकार ने यह कदम उठाया है।
सरकार का मानना है कि प्रतियोगी परीक्षाओं के दौरान छात्रों को बेहतर सुविधाएं देना जरूरी है, ताकि वे बिना किसी तनाव के परीक्षा दे सकें। यह फैसला खासतौर पर आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के छात्रों के लिए राहत भरा माना जा रहा है।
बताया जा रहा है कि परीक्षा के दिन DTC बसों में स्टाफ को भी निर्देश दिए जाएंगे कि वे एडमिट कार्ड दिखाने वाले छात्रों को बिना किसी परेशानी के यात्रा की अनुमति दें।
NEET UG देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षाओं में से एक है, जिसमें लाखों छात्र हर साल भाग लेते हैं। ऐसे में दिल्ली सरकार की यह पहल छात्रों के लिए बड़ी राहत साबित हो सकती है।

