पलवल जिला बार एसोसिएशन ने पत्रकारों से कथित अभद्रता के मामले में उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी भी दी गई है।

Palwal(SHOYAB) पत्रकारों के साथ कथित अभद्र व्यवहार के मामले में अब जिला बार एसोसिएशन, पलवल भी खुलकर सामने आ गया है। बार एसोसिएशन ने उपायुक्त पलवल को ज्ञापन सौंपकर संबंधित अधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
जिला बार एसोसिएशन द्वारा 6 जुलाई 2026 को दिए गए ज्ञापन में कहा गया है कि हाल ही में औरंगाबाद गांव में आयोजित रात्रि ठहराव कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ पत्रकार सतीश भूटानी, गुरुदत्त गर्ग तथा युवा पत्रकार संजीव राठौर के साथ कथित रूप से अभद्र व्यवहार किया गया। ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी बिजेंद्र कुमार ने पत्रकारों को सरकारी कार्यक्रम की कवरेज से रोका तथा उनके साथ धक्का-मुक्की, गाली-गलौज और करियर खत्म करने की धमकी दी।
बार एसोसिएशन ने अपने ज्ञापन में कहा है कि घटना को कई दिन बीत जाने के बावजूद प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। एसोसिएशन का कहना है कि यदि संबंधित अधिकारी के खिलाफ जल्द सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो जिला बार एसोसिएशन उचित निर्णय लेने के लिए बाध्य होगा।
ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि यदि इस मामले को लेकर जिला जनसंपर्क अधिकारी (DIPRO) और बार एसोसिएशन के बीच किसी प्रकार का टकराव होता है, तो इसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
