पलवल में 15 अगस्त को तीजों के पर्व पर कदीमी दंगल आयोजित होगा। करीब 150 साल पुराने इस दंगल में 200 कुश्तियां होंगी और सबसे बड़ी कुश्ती के विजेता को 1.50 लाख रुपये का इनाम मिलेगा।
पलवल (SHOYAB)। तीजों के पावन पर्व पर पलवल में एक बार फिर अखाड़े सजने वाले हैं। तीजन दंगल कमेटी पलवल की ओर से 15 अगस्त को सोहना रोड पर कदीमी दंगल का आयोजन किया जाएगा। दंगल में इस बार सबसे बड़ी इनामी कुश्ती 1.50 लाख रुपये की होगी। दंगल को लेकर आयोजन समिति ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। दंगल कमेटी के अध्यक्ष जय सिंह राणा ने संवाददाता सम्मेलन में इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दंगल में देश के अलग-अलग हिस्सों से नामी पहलवानों के पहुंचने की उम्मीद है।
करीब 150 साल से चली आ रही परंपरा
हरियाणा लोकसेवा आयोग के पूर्व सदस्य और कार्यक्रम की अध्यक्षता करने वाले डॉ. हरेंद्र राणा ने बताया कि यह कदीमी दंगल पिछले करीब 150 वर्षों से लगातार आयोजित होता आ रहा है। इस बार भी हरियाणा के अलावा उत्तर प्रदेश, दिल्ली और राजस्थान सहित कई राज्यों के प्रमुख अखाड़ों से पहलवान इसमें हिस्सा लेंगे।
करीब 200 कुश्तियां, 8 लाख रुपये के पुरस्कार
सामाजिक कार्यकर्ता रतन सिंह सोरोंत ने बताया कि दंगल के दौरान करीब 200 कुश्तियां कराई जाएंगी। इनमें अलग-अलग वर्गों के विजेता पहलवानों को कुल करीब 8 लाख रुपये की इनामी राशि वितरित की जाएगी। आयोजन समिति की ओर से बाल पहलवानों को भी विशेष प्रोत्साहन देने की तैयारी की गई है, ताकि कम उम्र से ही बच्चों में कुश्ती के प्रति रुचि और खेल भावना को बढ़ावा मिल सके।
खेल मंत्री गौरव गौतम होंगे मुख्य अतिथि
आयोजकों के अनुसार हरियाणा के खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम दंगल में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि डॉ. हरेंद्र राणा कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे।आयोजन समिति ने बताया कि दंगल को लेकर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है और पहलवानों तथा दर्शकों के लिए जरूरी इंतजाम किए जा रहे हैं।
ये सदस्य रहे मौजूद
संवाददाता सम्मेलन में दंगल कमेटी के गिर्राज पाठक, हरिचंद भाटी, रविंदर सिंह, जगत ठाकुर, अजीज कुरैशी, देवन ठाकुर, सुनील ठाकुर, शेरन पहलवान, नरेश पहलवान, धर्मवीर सिंह, नेपाल सिंह, संजय सिंह, मोहित एडवोकेट, सोनू शर्मा, लाखन सिंह, जितेंद्र सिंह और विशाल पाठक सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। 15 अगस्त को होने वाले इस दंगल में बड़ी इनामी कुश्तियों के साथ पहलवानों की करीब 200 मुकाबलों में जोर आजमाइश देखने को मिलेगी।

