मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पानीपत में हरियाणा के पहले इलेक्ट्रिक बस स्टैंड का उद्घाटन किया और 80 इलेक्ट्रिक बसों को जनता को समर्पित किया। जानिए क्या बोले सीएम।
पानीपत, (संजीव राठौर) 29 मई 2026
हरियाणा में ग्रीन ट्रांसपोर्ट की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी (CM Nayab Saini )ने पानीपत (panipat) में राज्य के पहले इलेक्ट्रिक बस स्टैंड का उद्घाटन किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को 80 इलेक्ट्रिक बसों की सौगात भी दी।
मुख्यमंत्री(CM) ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ( PM Narendra Modi ) के विजन को आगे बढ़ाते हुए हरियाणा सरकार इलेक्ट्रिक मोबिलिटी को बढ़ावा दे रही है। उन्होंने बताया कि मिडल ईस्ट में चल रहे युद्ध के कारण पेट्रोल-डीजल की स्थिति को देखते हुए इलेक्ट्रिक वाहनों की जरूरत और भी बढ़ गई है।
सीएम सैनी ने कहा कि इन इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से जहां ईंधन की बचत होगी, वहीं पर्यावरण को भी लाभ मिलेगा और लोगों को प्रदूषण मुक्त सफर का अनुभव मिलेगा। उन्होंने आम जनता से अपील की कि इन बसों का अधिक से अधिक उपयोग करें और इन्हें सुरक्षित रखें।
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि अब हरियाणा में कुल 155 इलेक्ट्रिक बसों का बेड़ा तैयार हो चुका है, जो प्रदेश में आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल परिवहन व्यवस्था को मजबूत करेगा।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि वे पढ़ाई पर ध्यान दें और नशे से दूर रहें। उन्होंने यह भी कहा कि छात्रों को इलेक्ट्रिक बसों में यात्रा करने की सुविधा दी गई है, जिससे उन्हें काफी लाभ मिलेगा।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने डॉ. अर्चना गुप्ता को हरियाणा भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने पर बधाई दी और पार्टी हाईकमान का धन्यवाद भी किया।

