पानीपत पुलिस ने सब-इंस्पेक्टर की वर्दी पहनकर युवक के अपहरण के सनसनीखेज मामले का 20 घंटे में खुलासा कर दिया। पुलिस ने अपहृत युवक को सकुशल बरामद करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पानीपत (SATMARK NEWS) हरियाणा के पानीपत में पुलिस ने सब-इंस्पेक्टर की वर्दी पहनकर किए गए युवक के अपहरण के सनसनीखेज मामले का महज 20 घंटे में खुलासा कर दिया। पुलिस ने अपहृत युवक को सकुशल बरामद करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में चार सोनीपत और दो पानीपत के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, गुरुवार देर रात गांव थिराना अड्डे से दिलावर नामक युवक का कुछ बदमाशों ने कथित पुलिस कार्रवाई का झांसा देकर अपहरण कर लिया। आरोपियों में से एक ने सब-इंस्पेक्टर की वर्दी पहन रखी थी, जिससे आसपास के लोगों को उन पर शक नहीं हुआ। इसके बाद युवक को जबरन स्कॉर्पियो गाड़ी में बैठाकर ले जाया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह (IPS) ने CIA-2 प्रभारी इंस्पेक्टर वीरेंद्र के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की।
विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और लगातार छापेमारी के आधार पर कार्रवाई करते हुए महज 20 घंटे के भीतर सोनीपत में दबिश देकर सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने अपहृत युवक दिलावर को भी सकुशल बरामद कर लिया।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ जारी है। जांच में अपहरण के पीछे की वजह, साजिश और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाया जा रहा है।
पानीपत पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है।
