यमुनानगर जिला जेल में बंद 26 वर्षीय राहुल सैनी की इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने जेल प्रशासन और पुलिस पर सूचना छिपाने के आरोप लगाए हैं। मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा

यमुनानगर (SHOYAB) यमुनानगर जिला जेल में बंद 26 वर्षीय राहुल सैनी की इलाज के दौरान मौत के बाद मामला तूल पकड़ गया है। मृतक के परिजनों ने पुलिस और जेल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें राहुल की गिरफ्तारी और न्यायिक हिरासत में भेजे जाने की कोई जानकारी नहीं दी गई। वहीं जेल प्रशासन का कहना है कि परिजनों से संपर्क करने की कोशिश की गई थी, लेकिन उपलब्ध मोबाइल नंबर बंद मिला। हालांकि परिजनों ने इस दावे से इनकार किया है।
7 जुलाई से लापता था राहुल
जानकारी के अनुसार, यमुनानगर के गांव ईशरपुर निवासी राहुल सैनी एक कबाड़ी के पास ड्राइवर का काम करता था। परिजनों का कहना है कि वह 7 जुलाई से लापता था और उसकी लगातार तलाश की जा रही थी। शुक्रवार सुबह पुलिस ने उन्हें राहुल की मौत की सूचना दी।
पेट दर्द के बाद अस्पताल लाया गया
पुलिस के अनुसार, राहुल की तबीयत बिगड़ने और पेट दर्द की शिकायत होने पर उसे जिला जेल से सिविल अस्पताल लाया गया। हालत गंभीर होने पर उसका इलाज शुरू किया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे और मोर्चरी के बाहर हंगामा करते हुए आरोप लगाया कि राहुल की मौत जेल में हुई है तथा पूरे मामले को छिपाने की कोशिश की जा रही है। उनका यह भी कहना है कि तीन दिन तक उन्हें यह तक नहीं बताया गया कि राहुल जेल में बंद है।
मारपीट के मामले में भेजा गया था जेल
पुलिस के मुताबिक राहुल को 19 जून को जिला जेल के पास एक ढाबे पर हुई मारपीट के मामले में गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया था। प्रारंभिक जांच में उसके पीलिया से पीड़ित होने की बात भी सामने आई है। हालांकि, मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारी अस्पताल पहुंचे और परिजनों को समझाकर शांत कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
मामले में जेल अधीक्षक का पक्ष जानने के लिए मीडिया ने संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका। फिलहाल सभी की नजर पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्षों पर टिकी है।
