हरियाणा के यमुनानगर जिले के रादौर थाना क्षेत्र के गांव भूरे का माजरा में पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ का मामला सामने आया है। इस दौरान पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसकी पहचान अमन के रूप में हुई है। वह पानीपत जिले के गोयला कला गांव का निवासी बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, मंगलवार शाम को यमुनानगर की क्राइम ब्रांच-2 की टीम को एक संदिग्ध व्यक्ति के इलाके में घूमने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जब उससे पूछताछ करने की कोशिश की, तो आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस और आरोपी के बीच करीब 10 राउंड फायरिंग हुई। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे काबू कर लिया गया। घायल अवस्था में आरोपी को इलाज के लिए सिविल अस्पताल यमुनानगर में भर्ती कराया गया है।डीएसपी रजत गुलिया ने बताया कि आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह किन-किन वारदातों में शामिल रहा है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक अवैध हथियार और दो जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं।
डीएसपी के अनुसार, आरोपी पानीपत का रहने वाला है और उसका आपराधिक रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है। पुलिस को उम्मीद है कि जांच के दौरान उससे जुड़े अन्य मामलों का भी खुलासा हो सकता है

