DC की मध्यस्थता से सुलझा पत्रकार-DIPRO विवाद, लिखित क्षमायाचना और तबादले के आश्वासन के बाद धरना समाप्त
पलवल में पत्रकारों और DIPRO के बीच चला विवाद जिला उपायुक्त की अध्यक्षता में हुई बैठक के बाद सुलझ गया। लिखित क्षमायाचना, सम्मानजनक तबादले के आश्वासन और आपसी सहमति के बाद पत्रकारों ने धरना समाप्त कर दिया।
पलवल | (SHOYAB) 16 जुलाई पलवल में पत्रकारों और जिला जनसंपर्क एवं भाषा विभाग (DIPRO) के बीच पिछले दिनों उत्पन्न विवाद का गुरुवार को जिला प्रशासन की मध्यस्थता में समाधान हो गया। जिला उपायुक्त जयेंद्र छिल्लर की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति बनी, जिसके बाद पत्रकारों ने अपना धरना समाप्त करने की घोषणा कर दी।
बैठक में पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल, CEO जितेंद्र तथा डीएसपी नरेंद्र खटाना भी मौजूद रहे। प्रशासन की मौजूदगी में हुई इस बैठक का उद्देश्य पूरे विवाद का सम्मानजनक एवं शांतिपूर्ण समाधान निकालना था।
लिखित क्षमायाचना के बाद बनी सहमति
बैठक के दौरान पलवल के जिला जनसंपर्क अधिकारी (DIPRO) ने वरिष्ठ पत्रकारों के साथ हुए विवाद और व्यवहार को लेकर लिखित रूप से क्षमायाचना प्रस्तुत की। वरिष्ठ पत्रकार सतीश भूटानी, गुरुदत्त गर्ग और संजीव राठौर ने इस क्षमायाचना को स्वीकार करते हुए आपसी मनमुटाव समाप्त करने तथा विवाद को यहीं विराम देने पर सहमति जताई।
तबादले के आश्वासन के बाद धरना समाप्त
बैठक में जिला उपायुक्त जयेंद्र छिल्लर ने संबंधित अधिकारी के सम्मानजनक तबादले का आश्वासन दिया। इसके बाद निडर पत्रकार संघ ने चल रहे सांकेतिक धरने को समाप्त करने की घोषणा की।
प्रशासन का जताया आभार
निडर पत्रकार संघ ने जिला उपायुक्त जयेंद्र छिल्लर, पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल, CEO जितेंद्र और डीएसपी नरेंद्र खटाना का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रशासन ने संवेदनशीलता और निष्पक्षता के साथ दोनों पक्षों के बीच संवाद स्थापित कर विवाद का शांतिपूर्ण समाधान सुनिश्चित किया।
सभी सहयोगियों का किया धन्यवाद
संघ ने इस पूरे आंदोलन के दौरान समर्थन देने वाले जिले और प्रदेशभर के पत्रकारों, जिला बार एसोसिएशन, व्यापार मंडल, मंडी एसोसिएशन, सामाजिक एवं हिंदू संगठनों, पूर्व सैनिकों तथा सभी नागरिकों का भी धन्यवाद व्यक्त किया। साथ ही आशा जताई कि भविष्य में पलवल में पत्रकारिता, प्रशासन और समाज के बीच सम्मान, संवाद और सौहार्द का वातावरण और अधिक मजबूत होगा।
