पलवल में 27 जुलाई को गौ सम्मान आह्वान अभियान का दूसरा चरण आयोजित होगा। पंचवटी मंदिर से कीर्तन यात्रा निकालकर उपायुक्त के माध्यम से प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा।

पलवल (SHOYAB) जगत गुरु ऋषि दास महाराज के सान्निध्य में पलवल शहर में गौ सम्मान आह्वान अभियान का दूसरा चरण 27 जुलाई को आयोजित किया जाएगा। यह अभियान देशव्यापी स्तर पर चलाया जा रहा है, जिसके तहत गौ माता को ‘राष्ट्र माता‘ घोषित किए जाने की मांग की जा रही है।
अभियान के जिला संयोजक भीम भारद्वाज ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 10 बजे पंचवटी मंदिर, पलवल से होगी। यहां सभी गौ भक्त एकत्रित होकर भजन-कीर्तन करेंगे और उसके बाद कीर्तन यात्रा के रूप में जिला सचिवालय (कोर्ट परिसर) पहुंचेंगे।
इसके बाद उपायुक्त (DC) के माध्यम से प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। ज्ञापन में केंद्र सरकार से गौ माता को राष्ट्र माता घोषित करने की मांग की जाएगी।
आयोजकों के अनुसार यह अभियान केवल पलवल तक सीमित नहीं है, बल्कि संपूर्ण भारत में चरणबद्ध तरीके से चलाया जा रहा है। उन्होंने अधिक से अधिक गौ भक्तों और सामाजिक संगठनों से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।
