पलवल में पत्रकारों ने DIPRO पर कवरेज से रोकने और कथित अभद्र व्यवहार के आरोपों को लेकर लघु सचिवालय के बाहर धरना दिया। पत्रकारों ने निष्पक्ष जांच और सख्त विभागीय कार्रवाई की मांग की।

पलवल (SATMARK NEWS) 15 जुलाई औरंगाबाद गांव में आयोजित प्रशासन के रात्रि ठहराव कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों को कथित रूप से समाचार कवरेज से रोकने, अभद्र व्यवहार करने और धमकी देने के आरोपों के विरोध में मंगलवार को पलवल के लघु सचिवालय के बाहर जिले सहित आसपास के क्षेत्रों के पत्रकारों ने सांकेतिक धरना प्रदर्शन किया।
धरने में शामिल पत्रकारों ने आरोप लगाया कि DIPRO बिजेंद्र सिंह ने वरिष्ठ पत्रकार सतीश भुटानी, गुरुदत्त गर्ग और संजीव राठौर को समाचार कवरेज से रोका तथा उनके साथ अनुचित व्यवहार किया। पत्रकारों का कहना था कि इस प्रकार की घटनाएं स्वतंत्र एवं निष्पक्ष पत्रकारिता की भावना के विपरीत हैं।
पत्रकारों ने उठाए भेदभाव के आरोप
धरने के दौरान वक्ताओं ने आरोप लगाया कि पत्रकारों के साथ भेदभावपूर्ण रवैया अपनाना, विभिन्न मीडिया संस्थानों के बीच असमान व्यवहार करना और संवाद की मर्यादा का पालन न करना लोकतांत्रिक मूल्यों के अनुरूप नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रशासन और मीडिया के बीच सम्मानजनक संवाद लोकतंत्र की मजबूती के लिए आवश्यक है।
कई जिलों से पहुंचे पत्रकार
प्रदर्शन में पलवल के अलावा फरीदाबाद, होडल, नूंह और मेवात से भी बड़ी संख्या में पत्रकार शामिल हुए और अपने साथियों के समर्थन में एकजुटता दिखाई।
ये हैं पत्रकारों की प्रमुख मांगें
धरने में मौजूद पत्रकारों ने सरकार और संबंधित विभाग से मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए। यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित अधिकारी के विरुद्ध सख्त विभागीय कार्रवाई की जाए। साथ ही भविष्य में किसी भी पत्रकार को समाचार संकलन के दौरान अनावश्यक बाधा या उत्पीड़न का सामना न करना पड़े, इसके लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए जाएं।
‘यह लड़ाई प्रेस की गरिमा की है’
वक्ताओं ने कहा कि यह आंदोलन किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि प्रेस की गरिमा, निष्पक्ष पत्रकारिता और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की रक्षा के लिए किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र और समाज के बीच एक महत्वपूर्ण सेतु हैं और उनके सम्मान एवं सुरक्षा की जिम्मेदारी सभी संस्थाओं की है।
धरने में रहे मौजूद
धरने में वरिष्ठ पत्रकार वीरेंद्र सिंह, गुरुदत्त गर्ग, राजकुमार भाटिया, सौरभ वर्मा, संजीव राठौर, प्रवीण कुकरेजा, सिद्धार्थ शर्मा, महेश कुमार, अमित चौधरी, शीतल, सतवीर शर्मा सहित पलवल, फरीदाबाद, होडल, नूंह और मेवात के अनेक पत्रकार उपस्थित रहे।
