पलवल (सिद्धार्थ शर्मा) 25 may 2026। पलवल में किसानों का गुस्सा उस वक्त सड़कों पर देखने को मिला जब विभिन्न गांवों से आए किसान लघु सचिवालय पहुंचे और हरियाणा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। किसानों ने सरकार की नीतियों के विरोध में मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन सौंपा।
किसानों का आरोप है कि 29 अप्रैल 2026 को जारी की गई ट्रांसमिशन लाइनों (RoW) से जुड़ी मुआवजा नीति पूरी तरह किसान विरोधी है। इस नीति के चलते किसानों को उनकी जमीन का उचित मुआवजा नहीं मिल रहा और उनकी जमीन की कीमत भी घटाई जा रही है।
प्रदर्शन के दौरान किसानों ने कहा कि सरकार ने कंपनियों को फायदा पहुंचाने के लिए यह नीति बनाई है, जिससे आम किसान आर्थिक रूप से कमजोर हो रहा है। उन्होंने मांग की कि इस नोटिफिकेशन को तुरंत वापस लिया जाए और पहले की किसान हितैषी नीति को लागू किया जाए।
किसानों ने लघु सचिवालय के बाहर जोरदार नारेबाजी करते हुए कहा कि अगर उनकी मांगें जल्द पूरी नहीं की गईं तो वे बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे। किसानों ने साफ चेतावनी दी कि यह सिर्फ शुरुआत है, आने वाले समय में आंदोलन और तेज किया जाएगा।
ज्ञापन में किसानों ने निष्पक्ष मुआवजा, बाजार दर के आधार पर भुगतान, और मुआवजा प्रक्रिया में किसानों की भागीदारी सुनिश्चित करने जैसी मांगें भी रखी हैं।
प्रशासन की ओर से किसानों को आश्वासन दिया गया कि उनकी मांगों को सरकार तक पहुंचाया जाएगा। फिलहाल मौके पर स्थिति शांतिपूर्ण रही, लेकिन किसानों के तेवरों को देखते हुए आने वाले दिनों में आंदोलन तेज होने की संभावना जताई जा रही है।

