पलवल के दीघोट में 15-20 लोगों ने घर पर हमला कर पत्थरबाजी और मारपीट की। CCTV में वारदात कैद, FIR के 45 दिन बाद भी पुलिस कार्रवाई नहीं।
पलवल ( संजीव राठौर) 29 मई 2026 | पलवल के दीघोट क्षेत्र में दबंगों के हमले का सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां पूरी वारदात CCTV कैमरे में कैद हो गई। वीडियो में आरोपी खुलेआम घर पर हमला करते और CCTV कैमरे तोड़ते हुए नजर आ रहे हैं।
पीड़ित परिवार के अनुसार, यह घटना 19 अप्रैल 2026 की है। मामले में FIR भी दर्ज हो चुकी है, लेकिन करीब डेढ़ महीने से ज्यादा समय बीत जाने के बावजूद पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
पीड़ित का आरोप है कि 15 से 20 लोग एकजुट होकर उनके घर पहुंचे और जमकर पत्थरबाजी की। इस दौरान घर में घुसकर परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी भी दी गई।
हमले के दौरान घर में लगे CCTV कैमरों को भी आरोपियों ने तोड़ दिया, हालांकि पूरी घटना कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।
इस हमले में परिवार की एक गर्भवती महिला को पत्थर लगने से चोट आई, जिसकी मेडिकल रिपोर्ट (MLR) भी तैयार की गई है। इससे मामले की गंभीरता और बढ़ जाती है।
पुलिस ने इस मामले में BNS की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है, लेकिन अब तक किसी भी आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं होने से पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
पीड़ित परिवार का कहना है कि आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं और उन्हें लगातार जान का खतरा बना हुआ है। परिवार ने प्रशासन से सुरक्षा और जल्द न्याय दिलाने की मांग की है।
अब देखना यह होगा कि CCTV जैसे पुख्ता सबूत और FIR दर्ज होने के बावजूद पुलिस इस मामले में कब तक कार्रवाई करती है।

