नूंह में पुलिस और गो-तस्करों के बीच मुठभेड़, जवाबी फायरिंग में एक आरोपी घायल। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर 7 गोवंश, पिकअप और हथियार बरामद।
नूंह(desk) 02 June 2026 |हरियाणा के नूंह जिले में पुलिस और गो-तस्करों के बीच देर रात मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक गो-तस्कर गोली लगने से घायल हो गया, जबकि अन्य आरोपी मौके से फरार होने में कामयाब रहे।

जानकारी के अनुसार, दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर पुलिस ने नाकाबंदी की हुई थी, तभी गोवंश से भरी एक पिकअप को रोकने का प्रयास किया गया। लेकिन आरोपी नाकाबंदी तोड़कर भागने लगे, जिसके बाद पुलिस ने उनका पीछा किया।
पीछा करते हुए जब पुलिस ने आरोपियों को घेरा, तो गो-तस्करों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें एक आरोपी जमशेद पुत्र दीनू (निवासी भूतकावास, धोलागढ़, राजस्थान) के पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इस संयुक्त कार्रवाई को नूंह-तावडू CIA और फिरोजपुर झिरका पुलिस ने अंजाम दिया। पुलिस ने मौके से गोवंश से भरी पिकअप, एक देशी कट्टा, 7 गोवंश बरामद किए हैं।
वही पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है।
