यमुनानगर में ट्रैफिक पुलिस ने अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। अवैध पार्किंग पर कार्रवाई करते हुए कई वाहनों के चालान काटे गए और लोगों से नियमों का पालन करने की अपील की गई।
Yamunanagar ( Desk ) 03 June 2026 । शहर में बढ़ते अतिक्रमण और ट्रैफिक जाम की समस्या को देखते हुए यातायात पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। इस अभियान का नेतृत्व ट्रैफिक थाना प्रभारी संदीप कुमार द्वारा किया गया, जिसमें अवैध पार्किंग और सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण पर सख्ती दिखाई गई।
अभियान के दौरान दुकानदारों, अस्पताल संचालकों, बैंक्वेट हॉल प्रबंधकों और रेहड़ी-फड़ी एवं ठेला संचालकों से सहयोग की अपील की गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि अपने प्रतिष्ठानों पर आने वाले ग्राहकों के वाहनों की पार्किंग उचित स्थान पर कराई जाए, ताकि सड़क पर जाम की स्थिति न बने।

एसएचओ संदीप कुमार ने कहा कि पिछले कई दिनों से यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस टीम लगातार विभिन्न संस्थानों से संपर्क कर उन्हें नियमों के पालन के लिए प्रेरित कर रही है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि बार-बार समझाने के बावजूद भी यदि कोई व्यक्ति या संस्था नियमों का उल्लंघन करती है, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अभियान के दौरान सड़क पर अवैध रूप से खड़े किए गए कई वाहनों को जब्त किया गया और उनके चालान भी काटे गए।यातायात पुलिस का मुख्य उद्देश्य शहर में ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाना और आम नागरिकों को जाम व असुविधा से राहत दिलाना है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अपने वाहनों को निर्धारित स्थानों पर ही पार्क करें और यातायात नियमों का पालन करें।
