फरीदाबाद में मर्चेंट नेवी में नौकरी दिलाने के नाम पर ₹5.80 लाख की ठगी का मामला सामने आया। छायंसा थाना पुलिस ने आरोपी बंटी को गिरफ्तार कर जेल भेजा।
Faridabad ( Desk) 03 June 2026 |
फरीदाबाद | मर्चेंट नेवी में नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक आरोपित को थाना छायंसा पुलिस टीम ने गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान बंटी निवासी गांव शाहजहांपुर के रूप में हुई है।
पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि गांव अरूआ निवासी भारत ने थाना छायंसा में शिकायत दी थी। शिकायत में बताया गया कि उसका परिचित बंटी, जो गांव शाहजहांपुर खादर का रहने वाला है, ने उसे मर्चेंट नेवी में नौकरी दिलाने का भरोसा दिया और इस नाम पर ₹5,80,000 की रकम ले ली।
काफी समय बीत जाने के बावजूद न तो शिकायतकर्ता को नौकरी दिलाई गई और न ही उसकी रकम वापस की गई। शिकायत के आधार पर थाना छायंसा में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान सामने आया कि आरो स्वयं मर्चेंट नेवी में कार्यरत है और शिकायतकर्ता का परिचित था। इसी जान-पहचान का फायदा उठाते हुए उसने नौकरी लगवाने का झांसा देकर ठगी की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने शिकायतकर्ता से ₹1,00,000 नकद लिए थे, जबकि ₹4,80,000 बैंक खाते में ट्रांसफर करवाए गए थे।
थाना छायंसा पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 2 जून को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को माननीय अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है।

