हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने किसानों को बड़ी राहत देते हुए सूरजमुखी खरीद पोर्टल को 60 दिनों के लिए फिर से खोलने की घोषणा की। साथ ही पर्यावरण दिवस पर 1.5 करोड़ पौधे लगाने और कई बड़ी परियोजनाओं का ऐलान किया।
Chandigarh (Desk) 05 June 2026 | हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेश के किसानों को बड़ी राहत देते हुए सूरजमुखी खरीद के लिए पोर्टल को अगले 60 दिनों के लिए पुनः खोलने की घोषणा की है। यह घोषणा उन्होंने पंचकूला में जाईका वित्तपोषित सतत बागवानी संवर्धन परियोजना के शुभारंभ और विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कई किसान विभिन्न कारणों से समय पर पंजीकरण नहीं करा पाए थे, जिससे वे अपनी सूरजमुखी की फसल बेचने से वंचित रह गए। राज्य सरकार ऐसे किसानों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पोर्टल को तुरंत प्रभाव से 60 दिनों के लिए खोला जाए ताकि सभी पात्र किसान अपना पंजीकरण करवा सकें।

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने पर्यावरण संरक्षण और जैव विविधता को बढ़ावा देने के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। उन्होंने बताया कि पिपली चिड़ियाघर का 70 करोड़ रुपये और भिवानी चिड़ियाघर का 25 करोड़ रुपये की लागत से नवीनीकरण किया जाएगा।इसके अलावा सरस्वती संरक्षण वन में 55 करोड़ रुपये की लागत से पक्षी विहार विकसित किया जाएगा, जिससे 100 से अधिक स्थानीय और प्रवासी पक्षियों को लाभ मिलेगा। कलेसर राष्ट्रीय उद्यान में करोड़ रुपये की लागत से इको-टूरिज्म और वन्यजीव पर्यटन के लिए सुविधाओं का विकास किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि सुल्तानपुर राष्ट्रीय उद्यान, भिंडावास पक्षी अभयारण्य और कोटला झील को जोड़कर एक विशेष पक्षी दर्शन पर्यटन सर्किट तैयार किया जाएगा, जिससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
वन विभाग द्वारा इस वर्ष 1.50 करोड़ पौधों का रोपण किया जाएगा, जिनमें से 50 लाख पौधे मुफ्त वितरित किए जाएंगे। साथ ही, सभी नर्सरियों में प्लास्टिक बैग के स्थान पर बायोडिग्रेडेबल बैग का उपयोग किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि ‘पौधागिरी अभियान’ के तहत इस वर्ष स्कूली बच्चों को 20 लाख पौधे वितरित किए जाएंगे, जिससे पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन बनाया जा सके।
