पलवल के हथीन में कांग्रेस की अहम बैठक में प्रदेश अध्यक्ष राव नरेन्द्र सिंह ने SIR को लेकर कार्यकर्ताओं को सतर्क रहने के निर्देश दिए। वोटर लिस्ट को लेकर दिए बड़े संदेश।
पलवल (Desk) 13 जून 2026 |हरियाणा कांग्रेस ने एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) को लेकर अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। इसी कड़ी में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेन्द्र सिंह ने शनिवार को पलवल जिले के हथीन में आयोजित बीएलए-2 बैठक में शिरकत की और कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर सजग रहने के निर्देश दिए। बैठक की अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमेटी पलवल के अध्यक्ष नेत्रपाल अधाना ने की, जबकि संयोजन पूर्व पार्षद महिपाल बंधु ने संभाला। इस दौरान महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष पर्ल चौधरी और पूर्व मंत्री एवं एसआईआर कमेटी के लोकसभा प्रभारी करण सिंह दलाल भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की भागीदारी रही।
राव नरेन्द्र सिंह ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती मतदाताओं के अधिकारों से जुड़ी है और किसी भी प्रक्रिया के जरिए मताधिकार को प्रभावित करना उचित नहीं है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे सुनिश्चित करें कि कोई भी सही मतदाता सूची से बाहर न हो और कोई गलत नाम शामिल न हो। उन्होंने यह भी कहा कि एसआईआर प्रक्रिया को लेकर लोगों में भ्रम की स्थिति है, जिसे दूर करना जरूरी है। उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्तमान नीतियों के कारण किसान, मजदूर, युवा और छोटे व्यापारी परेशान हैं। महंगाई, बेरोजगारी और कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दों पर सरकार गंभीर नहीं दिख रही है।

वहीं करण सिंह दलाल ने आरोप लगाया कि एसआईआर के जरिए विपक्ष के वोट प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर मजबूत नेटवर्क बनाने और सतर्क रहने का आह्वान किया। जिलाध्यक्ष नेत्रपाल अधाना ने भरोसा दिलाया कि पलवल में कांग्रेस पूरी तरह तैयार है और किसी भी पात्र मतदाता का नाम कटने नहीं दिया जाएगा। इसके लिए पार्टी द्वारा बूथ स्तर तक निगरानी तंत्र को मजबूत किया जा रहा है। इस मौके पर मोहम्मद बिलाल, सुमित गौड़, साजिद अजमत, राजेंद्र खोकिया, शुगर सिंह, शमसुद्दीन, सविता कुंडू, देवेंद्र शर्मा, विकेश खंडेलवाल समेत कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
