धोलागढ़ में 70% नालियां अधूरी, 4 साल बाद भी नहीं हुआ समाधान
Palwal (सिद्धार्थ शर्मा ) 04 June 2026 |
। नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड नंबर-10 स्थित गांव धोलागढ़ में नालियों की समस्या को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि कई वर्षों से शिकायतें किए जाने के बावजूद आज तक गांव की अधिकांश नालियों का निर्माण नहीं हो पाया है, जिससे लोगों को गंदगी और जलभराव की समस्या का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार समस्या केवल जय राम चक्की वाले ताऊ जी के कोने तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे गांव में नालियों की हालत खराब बनी हुई है। उनका कहना है कि वर्ष 2025 के बाद भी गांव की करीब 70 प्रतिशत नालियां अधूरी पड़ी हैं, जिसके कारण बरसात के दिनों में हालात और अधिक खराब हो जाते हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि इस संबंध में कई बार नगर परिषद के अधिकारियों और चेयरमैन को शिकायत दी जा चुकी है। संबंधित नालियों के निर्माण के लिए बजट तैयार होने की बात भी कही गई थी, लेकिन पिछले छह महीनों से केवल आश्वासन ही मिल रहे हैं। कभी बजट पास न होने का हवाला दिया जाता है तो कभी नाली की पैमाइश कराने की बात कहकर मामले को टाल दिया जाता है।ग्रामीणों का कहना है कि नगर परिषद की ओर से एक बार जेई द्वारा कर्मचारियों को भेजकर नालियों की नपाई भी करवाई गई थी, लेकिन उसके बाद भी निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका। कई बार फोन और व्यक्तिगत रूप से अधिकारियों से मिलने के बावजूद समस्या का कोई स्थायी समाधान नहीं निकला।लोगों का आरोप है कि पिछले कार्यकाल के दौरान भी नालियों की समस्या का समाधान नहीं हो पाया था और वर्तमान कार्यकाल के चार वर्ष बीत जाने के बाद भी हालात में कोई विशेष सुधार नहीं आया है। इससे ग्रामीणों में प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है।ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि गांव धोलागढ़ में लंबित नाली निर्माण कार्य को जल्द पूरा कराया जाए, ताकि लोगों को जलभराव, गंदगी और बीमारियों के खतरे से राहत मिल सके।



