मेट्रो अस्पताल के पास सेक्टर-16ए स्थित सांता निवास अरोड़ा हाउस में रविवार शाम करीब 6 बजे अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही इलाके में हड़कंप मच गया और आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए।
Faridabad ( Manoj ) 8 June 2026। सेक्टर-16ए स्थित मेट्रो अस्पताल के नजदीक सांता निवास (अरोड़ा हाउस) में रविवार शाम करीब 6 बजे अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगने के दौरान घर के दरवाजे लॉक हो गए थे, जिसके चलते फायर कर्मियों को कुल्हाड़ी की मदद से दरवाजे काटकर अंदर प्रवेश करना पड़ा। बताया जा रहा है कि आग घर के बेसमेंट में लगी थी और शुरुआती तौर पर इसकी वजह बेसमेंट में लगे एसी में शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। हालांकि, आग लगने के सही कारणों की जांच की जा रही है।

घटना के समय परिवार के सभी सदस्य घर से बाहर थे, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि, परिवार का एक पालतू कुत्ता बेसमेंट के अंदर फंस गया था। धुएं के कारण वह बेहोश हो गया, जिसे तुरंत बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
राहत की बात यह रही कि घर में रखे चार गैस सिलेंडरों को समय रहते बाहर निकाल लिया गया। यदि सिलेंडरों तक आग पहुंच जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था।
फायर ब्रिगेड की टीम ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। घटना के बाद आसपास के लोगों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई। पुलिस और फायर विभाग मामले की जांच में जुटे हैं।



