हरियाणा में मौसम में बदलाव के बीच वायु प्रदूषण ने चिंता बढ़ाई। पंचगांव में AQI 309 और यमुनानगर में 306 दर्ज हुआ। जानिए सोनीपत, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल समेत प्रदेश के प्रमुख शहरों का प्रदूषण स्तर।
हरियाणा (DESK) 16 NOV 26 । हरियाणा में नवंबर के मध्य में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। दिन के समय तेज धूप निकल रही है, जबकि रात में ठंडक का अहसास बढ़ रहा है। मौसम में इस बदलाव के बीच प्रदेश के लोगों के लिए प्रदूषण चिंता का विषय बना हुआ है। कई शहरों में हवा की गुणवत्ता खराब श्रेणी में पहुंच गई है। खास बात यह है कि पंचगांव और यमुनानगर का AQI 300 के पार दर्ज किया गया है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के 15 नवंबर के शाम 4 बजे के बुलेटिन के अनुसार, पंचगांव में AQI 309 दर्ज हुआ। इसके साथ ही यमुनानगर 306 AQI के साथ प्रदेश के सबसे प्रदूषित स्थानों में शामिल रहा। पंचगांव देश के 284 निगरानी स्थानों में पांचवें और यमुनानगर छठे स्थान पर रहा।
दिल्ली से सटे हरियाणा के इलाकों और जीटी रोड बेल्ट पर भी प्रदूषण का स्तर ऊंचा बना हुआ है। सोनीपत में AQI 297, गुरुग्राम में 296 और कुरुक्षेत्र में 286 दर्ज किया गया। इसके अलावा बल्लभगढ़ में 271, बहादुरगढ़ में 267, मानेसर में 262 और फरीदाबाद में 257 AQI रिकॉर्ड हुआ। वहीं करनाल में 251, पानीपत में 250, अंबाला में 237, धारूहेड़ा में 231 और कैथल में 225 AQI रहा। भिवानी और मंडीखेड़ा में भी वायु गुणवत्ता सूचकांक 203 दर्ज किया गया। इन आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश के कुल 16 निगरानी स्थानों पर AQI 200 से ऊपर रहा।
जहां प्रदेश के कई शहरों में प्रदूषण का स्तर बढ़ा हुआ है, वहीं कुछ स्थानों पर स्थिति अपेक्षाकृत बेहतर रही। पलवल में AQI 190, फतेहाबाद में 184, रोहतक में 180, नारनौल में 179 और चरखी दादरी में 174 दर्ज किया गया। इसी तरह सिरसा में 146, पंचकूला में 127, हिसार में 126 और जींद में 117 AQI रिकॉर्ड हुआ। इन सभी स्थानों पर हवा मध्यम श्रेणी में रही।
प्रदूषण के साथ मौसम में भी बदलाव देखने को मिल रहा है। मौसम संबंधी रिपोर्ट के अनुसार, भिवानी में न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि फरीदाबाद में अधिकतम तापमान 31.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा। दिन और रात के तापमान में अंतर के चलते लोगों को सुबह और रात के समय ठंडक महसूस होने लगी है। प्रदूषण के बढ़ते स्तर में PM2.5 और PM10 जैसे बारीक कणों की अहम भूमिका है। ये कण हवा के जरिए सांस के रास्ते शरीर में पहुंच सकते हैं। CPCB के अनुसार, 201 से 300 के बीच AQI खराब और 301 से 400 के बीच बहुत खराब श्रेणी में आता है। ऐसे में बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी परेशानी से जूझ रहे लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।

